अधिवक्ता संघ खूंटी का चुनाव संपन्न, लाल रूपेंद्र नाथ शाहदेव बने अध्यक्ष, बोयार सिंह नाग सचिव

खूंटी, 18 मई (हि.स.)। अधिवक्ता संघ खूंटी का चुनाव शनिवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। झारखंड बार काउंसिल से पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित बालेश्वर सिंह और मृत्युंजय कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन और चुनाव पदाधिकारी ममता सिंह, तारामणि राम गौंझू और कृष्ण कुमार भगत की देखरेख में संपन्न चुनाव में अध्यक्ष पद पर लाल रूपेंद्र नाथ शाहदेव निर्वाचित हुए। उन्हें कुल 113 मतों में से 56 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंदी कमल राम को 43 मत मिले।

इनके अलावा मनमथ राम को 14 मत प्राप्त हुए। उपाध्यक्ष पद पर गौतम कुमार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी देवेंद्र कुमार को पांच मतों से पराजित किया। गौतम कुमार को 43 मत प्राप्त हुए, जबकि देवेंद्र कुमार को 38 मत मिले। एक अन्य प्रत्याशी प्रभात टोपनो ने 31 मत प्राप्त किया। इसी प्रकार सचिव पद पर दोनों प्रत्याशी बोयर सिंह नाग और मुकुल कुमार पाठक को 56-56 मत प्राप्त हुए, जबकि एक वोट रिजेक्ट हुआ। सचिव पद पर दोनों प्रत्याशियों को बराबर मत मिलने से विजेता का फैसला सिक्का उछाल कर किया गया, जिसमें बोयर सिंह नाग ने जीत हासिल की। संयुक्त सचिव के पद पर अरूण कुमार सुरीन ने 74 मत प्राप्त कर जीत हासिल की।

उनके प्रतिद्वंदी कविता कुमारी को 34 मत प्राप्त हुए। इसी प्रकार कोषाध्यक्ष पद पर जुनूल होरो ने 48 मत प्राप्त कर जीत हासिल की, जबकि उनके प्रतिद्वंदी अरुण कुमार भगत को 45 मत प्राप्त हुए और तीसरे स्थान पर रहने वाले राजकुमार प्रसाद को 18 मत मिले।

संयुक्त सचिव (पुस्तकालय) के पद पर अनिवा तिर्की निर्विरोध निर्वाचित हुई। इसी प्रकार गवर्निंग काउंसिल मेंबर्स के रूप में अनिल कुमार मिश्रा, रमेश कुमार जायसवाल, रासबिहारी चौधरी, केदार महतो और धनिक गुड़िया निर्वाचित घोषित किए गए। चुनावी प्रक्रिया में अधिवक्ता संघ खूंटी के 113 सदस्यों ने अपने मत का प्रयोग किया। यह जानकारी चुनाव पदाधिकारी ममता सिंह ने दी।

हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल

   

सम्बंधित खबर