लोस चुनाव : झांसी में पिछले दो दशकों में कांग्रेस ने दो चुनाव जीते, तीन बार जमानत जब्त

लखनऊ, 19 मई (हि.स.)। बुंदेलखण्ड क्षेत्र की अहम संसदीय सीट झांसी किसी जमाने में कांग्रेस का गढ़ हुआ करती थी। इस सीट पर अब तक 17 चुनाव में 9 बार कांग्रेस जीती है। कांग्रेस आखिरी बार इस सीट पर 2009 में जीती थी। पिछले दो दशकों में झांसी सीट पर हुए पांच चुनाव में दो कांग्रेस ने जीते और तीन में उसकी जमानत जब्त हुई। उल्लेखनीय है कि, सपा-कांग्रेस गठबंधन में पांचवें चरण की 4 सीटें कांग्रेस के खाते में हैं। झांसी इन चार सीटों में शामिल है।

दो दशकों में दो बार जीत, तीन बार जमानत जब्त

पिछले दो दशकों के बीच हुए पांच आम चुनाव की बात करें तो कांग्रेस ने दो चुनाव जीते हैं। वहीं तीन चुनाव में वो सम्मानजनक वोट हासिल करने में असफल रही। इन चुनावों में उसके प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई। 13वीं लोकसभा के आम चुनाव में साल 1999 में झांसी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सुजान सिंह बुंदेला विजयी हुए। बुंदेला ने भाजपा के राजेन्द्र अग्निहोत्री को हराया था।

2004 के चुनाव में सपा ने चन्द्र पाल सिंह ने कुर्सी पर कब्जा जमाया था। सपा के चन्द्र पाल को 238,782 (29.13 प्रतिशत) वोट मिले। बसपा प्रत्याशी बाबू लाल कुशवाहा को 212,483 (25.92 प्रतिशत) वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे। भाजपा के राजेन्द्र अग्निहोत्री के खाते में 206,591 (25.20 प्रतिशत) और कांग्रेस के राजेन्द्र प्रताप उर्फ राजा बुन्देला 104,584 (12.75 प्रतिशत) को वोट मिले। चौथे स्थान पर रहे कांग्रेस प्रत्याशी की जमानत जब्त हो गई।

दो चुनाव में लगातार जमानत जब्त

2014 के आम चुनाव में भाजपा की उमा भारती ने जीत दर्ज की। इस चुनाव में 15 प्रत्याशी मैदान में थे। उमा भारती को 575,889 (43.60 प्रतिशत) वोट मिले। दूसरे स्थान पर रहे सपा के चन्द्र पाल सिंह यादव को 385,422 (29.18 प्रतिशत) वोट हासिल हुए। बसपा की अनुराधा शर्मा को 216,792 (16.19 प्रतिशत) और कांग्रेस के पूर्व सांसद प्रदीप जैन आदित्य को 84,089 (6.37 प्रतिशत) वोट मिले। इस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी समेत 13 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई। कुल 13 लाख 20 हजार 804 वोटरों ने मताधिकार का प्रयोग किया। वोट प्रतिशत 68.36 रहा।

17वीं लोकसभा के चुनाव में झांसी सीट से भाजपा के अनुराग शर्मा ने जीत का कमल खिलाया। अनुराग शर्मा को 809,272 (58.59 प्रतिशत) वोट हासिल हुए। सपा के श्याम सुंदर सिंह को 443,589 (32.12 प्रतिशत) वोट प्राप्त हुए। तीसरे स्थान पर रहे कांग्रेस प्रत्याशी शिवशरण को 86,139 (6.24 प्रतिशत) वोटों से संतोष करना पड़ा। इस चुनाव में कुल 11 प्रत्याशी मैदान में थे। कांग्रेस प्रत्याशी समेत 9 प्रत्याशी अपनी जमानत जब्त होने से बचाने में विफल रहे। इस चुनाव में कुल 67.67 फीसदी मतदान हुआ। कुल 13 लाख 80 हजार 890 वोटरों ने अपने मताधिकार को प्रयोग किया।

2024 के चुनाव का हाल

18वीं लोकसभा के लिए हो रहे आम चुनाव में भाजपा ने अनुराग शर्मा को दोबारा मैदान में उतारा है। भाजपा यहां जीत की हैट्रिक लगाना चाहती है। इस चुनाव में कांग्रेस-सपा का गठबंधन है। ये सीट कांग्रेस के खाते में है। कांग्रेस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य पर दांव लगाया है। वहीं बसपा ने रवि प्रकाश को मैदान में उतारा है। कुल 10 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिसमें 4 निर्दलीय हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/डॉ.आशीष वशिष्ठ/राजेश

   

सम्बंधित खबर