सुबह 6 बजे कलेक्टर को अपने द्वार पर पाकर अचंभित हुए लोग

उदयपुर, 21 मई (हि.स.)। जनजाति बहुल झाड़ोल कस्बे की मेघवाल बस्ती, मंगलवार अल सुबह 6 बजे का समय। बस्तीवासी नलों से पानी भरने में व्यस्त थे। उसी समय अचानक जिला कलेक्टर अरविन्द पोसवाल अधिकारियों की टीम के साथ बस्ती में पहुंचे। अलसुबह जिला कलेक्टर को अपने बीच पाकर बस्तीवासियों के अचरज का ठिकाना नहीं रहा। कलेक्टर ने लोगों से पेयजल आपूर्ति की वस्तुस्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पैदल-पैदल ही पूरे आबादी क्षेत्र का दौरा किया। साथ ही एसडीएम, तहसीलदार ऑफिस तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया।

जिला कलेक्टर बीती शाम ही झाड़ोल पहुंच गए थे और रात्रि विश्राम वहीं किया था। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के डाक बंगले में रात्रि विश्राम किया। अलसुबह 6 बजे जिला कलेक्टर पोसवाल कस्बे में पेयजल सप्लाई की हकीकत जानने पैदल निकले। उपखण्ड अधिकारी मणिलाल तिरगर, तहसीलदार शांतिलाल जैन, विकास अधिकारी महेश कुमार, पीएचईडी एईएन सीमा आदि भी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे।

सर्वप्रथम जिला कलेक्टर कस्बे की मेघवाल बस्ती पहुंचे। वहां पेयजल आपूर्ति की स्थिति देखी। बस्तीवासियों से संवाद करते हुए पानी के प्रेशर और गुणवत्ता की जानकारी ली। क्षेत्रवासियों ने जलापूर्ति के संबंध में संतोष व्यक्त किया। इसके पश्चात जिला कलेक्टर सफी चौराहा, पुराना मार्केट, पुराना बस स्टैंड, नया बस स्टैंड, हॉस्पिटल रोड सहित सभी आबादी क्षेत्रों में घूमे और आमजन से संवाद करते हुए जलापूर्ति के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को भीषण गर्मी के मद्देनजर शुद्ध पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरते जाने की हिदायत दी।

जलापूर्ति व्यवस्था का जायजा लेने के बाद जिला कलक्टर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने प्रसूताओं, अन्य मरीजों व परिजनों से संवाद कर अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल की सफाई व्यवस्था भी देखी। चिकित्साधिकारी और स्टाफ से भी संवाद किया।

हिन्दुस्थान समाचार/ सुनीता/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर