गंगा में नहाते समय दो किशोरों की डूब कर मौत

प्रयागराज, 27 मई (हि.स.)। अतरसुइया थाना क्षेत्र के दरियाबाद के पास गंगा नदी में जोगी घाट पर स्नान करने गए दो किशोर गहरे पानी में समा गए। घाट पर स्नान कर रहे लोगों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया लेकिन दोनों का पता नहीं चला। सूचना पाकर पुलिस पहुंच गई और गोताखोरों की मदद से दोनों की खोजबीन की गई। काफी देर बाद गोताखोरों ने दोनों को बाहर निकाला। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

अटाला रोशनबाग के निवासी दो युवक रोमन और सैफ अपने दो अन्य दोस्तों के साथ सोमवार को स्नान करने दरियाबाद के जोगी घाट पर गए थे। नहाते समय दोनों गहरे पानी में चले गए। साथ में गए दोस्त जब तक कुछ समझ पाते दोनों पानी में समा गए। शोरगुल मचाने पर घाट पर स्नान कर रहे लोगों ने खोजबीन का प्रयास किया लेकिन पता नहीं चला। काफी देर के बाद गोताखोरों ने दोनों को बाहर निकाला। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/दिलीप

   

सम्बंधित खबर