आगामी पांच दिनों में रात और दिन का तापमान सामान्य से रहेगा अधिक

कानपुर, 28 मई (हि.स.)। आगामी पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने की उम्मीद है लेकिन वर्षा की कोई संभावना नहीं है। इसके साथ ही दिन और रात के तापमान सामान्य से अधिक रहने के आसार है। ऐसा मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ.एस.एन.सुनील पांडेय ने बताया कि मंगलवार दिन का अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस रहा और 28.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। हालांकि सापेक्षिक आर्द्रता की बात की जाए तो 45 प्रतिशत अधिकतम और 21 प्रतिशत न्यूनतम दर्ज किया गया। हवा की औसत गति 4.5 किलोमीटर प्रति घंटा रही और हवा की दिशा उत्तर पूर्व थी।

देश भर में मौसम प्रणाली

कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ.पांडेय ने बताया कि अगले 5 दिनों के दौरान केरल में मानसून की शुरुआत के लिए परिस्थितियाँ अब अनुकूल हैं। बांग्लादेश के ऊपर बना गहरा डिप्रेशन (चक्रवाती तूफान रेमल के अवशेष) पूर्व उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढ़ गया है। पूर्वी बांग्लादेश के ऊपर अक्षांश 24.4 उत्तर और देशांतर 91.1 पूर्व ऊपर एक डिप्रेशन के रूप में बना हुआ है, यह सिलचर (असम) से लगभग 170 किमी पश्चिम दक्षिण-पश्चिम में, मोंगला (बांग्लादेश) के 260 किमी उत्तर-पूर्व , श्री मंगल (बांग्लादेश) से 60 किमी पश्चिम दक्षिण पश्चिम, और ढाका (बांग्लादेश) से 100 किमी उत्तर पूर्व में बना हुआ है।

इस सिस्टम के 28 मई की शाम तक पूर्व उत्तर पूर्व दिशा क्षेत्र में आगे बढ़ने की संभावना है और यह धीरे-धीरे और कमजोर हो जाएगा। उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। उत्तर पूर्वी राजस्थान पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा पूर्वोत्तर राजस्थान के ऊपर बने हुए चक्रवाती परिसंचरण से होते हुए निचले स्तर पर मध्य प्रदेश से होते हुए उत्तरी छत्तीसगढ़ तक फैली हुई है। 30 मई से एक ताज़ा पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत की ओर आ सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार/राम बहादुर/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर