370 हटाने वाला ही वापस लाएगा पीओके :माधवी लता

परिचर्चा में माधवी लता: फोटो बच्चा गुप्ता

हैदराबाद से भाजपा प्रत्याशी बोली,पीओके भारत का अटूट हिस्सा

वाराणसी,28 मई (हि.स.)। हैदराबाद से भाजपा की उम्मीदवार सामाजिक कार्यकर्ता माधवी लता ने कहा कि पीओके भारत का अटूट हिस्सा है। मजबूत सरकार ने 370 को खत्म कर दिया। अब वही, सरकार पीओके वापस लाकर भारत माँ को ताज पहनाएगी। लोकसभा चुनाव में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी को हैदराबाद में कड़ी टक्कर देने वाली माधवी लता मंगलवार को वाराणसी में थी। विशाल भारत संस्थान और मुस्लिम महिला फाउण्डेशन के संयुक्त तत्वावधान में लमही स्थित सुभाष भवन में आयोजित 370 के खात्मे से पीओके की वापसी का सफर विषयक राष्ट्रीय परिचर्चा में माधवी ने भाग लिया।

परिचर्चा में उन्होंने कहा कि आज कश्मीर का नौजवान खुश है, क्योंकि अब उसे आतंकवादी नहीं समझा रहा है। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी अगर कश्मीर जा पा रहे हैं, तो वह आज का बदला हुआ माहौल है। उन्होंने कहा कि आरक्षण मजहब के नाम पर नहीं बल्कि गरीब, दलित, महिलाओं को मिलेगा जो सभी धर्म और पंथ पर लागू होगा। कश्मीर पुलवामा जिले के टहब गांव के सरपंच बेलाल अहमद ने परिचर्चा में कहा कि कल तक कश्मीर पर कोई भी निर्णय केन्द्र सरकार नहीं ले सकती थी। 70 सालों में कश्मीरियों की जिन्दगी बर्बाद हो गयी। न विकास, न प्रकाश था। भूख से बेहाल कश्मीरियों को मिलती थी सिर्फ गोलियां। क्षेत्रीय दल केन्द्र का पैसा खुद खा गए। 370 के नाम पर आम कश्मीरियों का केवल शोषण हुआ। न शिक्षा मिली, न रोजगार केवल आतंकवादी होने का ठप्पा मिला। कश्मीर के सामाजिक कार्यकर्त्ता राजा रईस ने कहा कि 370 के खत्म होने से विकास की बयार बह रही है। केन्द्र का पैसा गांवों तक पहुंच रहा है। हमारे कश्मीर का विकास देखकर पीओके के लोग तड़प रहे हैं। वे हमसे मिलना चाहते हैं। अभी कश्मीर अधूरा है, जल्द ही कश्मीर का हिस्सा भी मिल जाएगा। पीओके में रहने वाले खुद हिन्दुस्तान का झंडा उठा रहे हैं।

संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजीव ने कहा कि 370 की समाप्ति ने पीओके की वापसी का रोडमैप तैयार कर दिया है। पाकिस्तान के जुल्मों सितम ने पीओके के बच्चों को भी नहीं बख्शा। पीओके के लोग भारत की ओर देख रहे हैं। वहां तिरंगा फहराने के लिए हर भारतीय तैयार बैठा है। मोहम्मद फैज खान ने कहा कि भारत में रजाकारों की पार्टी हारेगी, राष्ट्रवादियों की पार्टी जीतेगी। कश्मीर हमारा है, हमारा ही रहेगा। जिन लोगों ने देश को धर्म के आधार पर बांटकर नफरत फैलाई, देश का विभाजन किया, देश उन्हें कभी माफ नहीं रहेगा। मोदी के नेतृत्व में देश में सामाजिक सौहार्द्र स्थापित किया जा रहा है।

ठाकुर राजा रईस ने कहा कि भाजपा के दौर में कश्मीर में जितना कार्य हो रहा है उनता काम पिछले 70 साल की सरकारों में नहीं हुआ। फाउण्डेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नाजनीन अंसारी ने कहा कि जब हम राष्ट्रवादी सरकार का चुनाव करेंगे, तभी देश का विकास होगा। मोदी के नेतृत्व में मुस्लिम महिलाओं के सशक्तीकरण के लिये तीन तलाक कानून लाया गया। पीओके को हम लेकर रहेंगे। यह तभी सम्भव है जब एक मजबूत सरकार बनेगी। परिचर्चा का संचालन डॉ. अर्चना भारतवंशी ने किया। परिचर्चा में गुलाब श्रीवास्तव, डॉ. नजमा परवीन, डॉ. मृदुला जायसवाल, आभा भारतवंशी, नौशाद अहमद दूबे, ज्ञान प्रकाश, मुस्ताक अहमद जई, बेलाल अहमद, इशफाक अहमद, विवेकानन्द सिंह, सचिन सिंह, अंकित सिंह, आकाश यादव, अफरोज, अनिल पाण्डेय, सत्यम, खुर्शीदा, राब्या, फरजाना, कमरून्निशा, नूरजहाँ, जुलेखा बीबी, शाहीना आदि ने भागीदारी की।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/सियाराम

   

सम्बंधित खबर