यमुनानगर: घर-घर जाकर संपत्तियां सत्यापित करने में जुटे निगम कर्मी

जानकारी देते हुए निगमायुक्त आयुष सिन्हा

-अब तक हुई 65,630 प्रॉपर्टी वेरीफाई

31.06 प्रतिशत संपत्तियां सत्यापित कर नगर निगम यमुनानगर हरियाणा में पहले स्थान पर

-संपत्ति सत्यापित कराने में घर-घर आ रहे निगम कर्मचारियों का सहयोग करें शहरवासी

यमुनानगर,1 जून (हि.स.)। नगर निगम कर्मी घर-घर जाकर संपत्तियां सत्यापित करने में जुटे हुए हैं। अब तक नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी क्षेत्र की 65,630 संपत्तियां सत्यापित हो चुकी है। 31.06 प्रतिशत संपत्तियां सत्यापित कर नगर निगम हरियाणा में पहले स्थान पर है। निगमायुक्त आयुष सिन्हा ने शनिवार को शहरवासियों से अपील करते हुए कहा है कि वे अपनी संपत्ति स्वयं सत्यापित करें।

संपत्तियां शत प्रतिशत सत्यापित करने के लिए निगम कर्मी घर-घर जाकर शहरवासियों की संपत्तियां सत्यापित कर रहे हैं। इनके अलावा तीनों निगम कार्यालयों के नागरिक सुविधा केंद्रों में भी संपत्ति सत्यापित की जा रही है। यहां संपत्तियां सत्यापित करने के लिए लोगों की आपत्तियां दर्ज कर उनका समाधान भी किया जा रहा है।

निगमायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा है कि यदि नागरिक यह कार्य करने में असमर्थ है तो घर-घर जा रहे निगम कर्मचारियों से अपनी संपत्ति सत्यापित जरूर कराएं। स्वयं संपत्ति सत्यापित करने से उनकी प्रॉपर्टी आईडी लॉक हो जाएगी। इसके बाद कोई भी बाहरी व्यक्ति उनकी प्रॉपर्टी आईडी से छेड़छाड़ नहीं कर सकेंगे। ऐसा करने से प्रॉपर्टी मालिक प्रॉपर्टी से संबंधित किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से भी बच जाएगा। जब तक नगर निगम क्षेत्र की हर संपत्ति सत्यापित नहीं हो जाती, यह कार्य जारी रहेगा।

निगमायुक्त ने आमजन से अपील की है कि वे घर-घर जा रहे निगम कर्मचारियों का इस कार्य में सहयोग करें और अपनी संपत्ति सत्यापित करवाए। यदि संपत्ति डाटा में कोई गलती है तो उसे जरूर ठीक कराए। ऐसा न करने पर उन्हें भविष्य में समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार/अवतार/संजीव

   

सम्बंधित खबर