अनुराग ठाकुर, जयराम और कंगना सहित भाजपा के दिग्गजों ने डाला वोट

शिमला, 01 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश की लोकसभा सीटों और विधानसभा उपचुनाव की छह सीटों पर मतदान जारी है और लोकतंत्र के इस पर्व में लोग बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं। भाजपा और कांग्रेस के बड़े नेताओं ने अपने-अपने मतदान केंद्रों में जाकर वोट डाला। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिलासपुर जिला स्थित विजयपुर मतदान केंद्र में सुबह सात बजे पहुंचकर सबसे पहले वोट डाला। उनकी धर्मपत्नी मल्लिका नड्डा ने भी यहां वोट डाला।

भाजपा के वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने सुबह नौ बजे के करीब परिवार सहित अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। उनके पिता व पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने भी इसी मतदान केंद्र में वोट डाला।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले औहन पोलिंग स्टेशन पर परिवार सहित वोट डाला। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिन्दल ने नाहन में अपना वोट डाला। शिमला लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप ने पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के गगल शिकोर औऱ मंडी से भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत ने सरकाघाट विस के भाँवला मतदान केंद्र में मतदान किया। कांगड़ा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी डाक्टर राजीव भारद्वाज ने अपनी धर्मपत्नी और बेटे साथ मतदान केन्द्र जसूर में वोट डाला।

हिमाचल में सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और शुरूआती चार घंटों में तकरीबन 32 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। मतदान प्रतिशत धीरे-धीरे बढ़ रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/उज्ज्वल/सुनील

   

सम्बंधित खबर