रायगढ़: आंधी तूफान से प्रभावित हुई विद्युत आपूर्ति

रायगढ़ , 2 जून (हि.स.)। बीती रात आए तेज आंधी तूफान से कई जगहों पर विद्युत पोल के टूटने और पेड़ों की डंगाल बिजली के तारों पर टूट कर गिरने से रायगढ़ शहर सहित पूरे जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बुरी तरीके से प्रभावित हुई है। बिजली विभाग बीती रात से ही विद्युत सप्लाई बहाल करने में जुटा हुआ है।

कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने जल्द व्यवस्थाएं ठीक करने के निर्देश दिए हुए है। सीएसईबी एसई मनीष तनेजा ने बताया कि बीती रात के आंधी तूफान से रायगढ़ शहर में करीब 35 से 40 फीडर से बिजली सप्लाई बाधित हुई थी। 20 से अधिक बिजली के पोल गिर गए हैं। कई जगहों पर पेड़ बिजली की तारों में गिर गए हैं। जिससे तारें भी टूट गई हैं। उन्होंने बताया कि रायगढ़ शहर के साथ आस पास के ग्रामीण इलाकों के साथ कोड़ा तराई, किरोड़ीमल नगर, तमनार, लैलूंगा में भी कुछ जगहों पर पोल गिरे हैं। सभी जगहों पर मरम्मत का काम चल रहा है।

उन्होंने बताया कि रायगढ़ शहर में 6 फीडर को छोड़ कर बाकी जगहों पर सप्लाई शुरू कर दी गई है। अभी करीब 70 लोगों की टीम विद्युत व्यवस्था बहाल करने में जुटी हुई है। जहां तार टूट गए थे उन्हें जोड़ा जा रहा है। चक्रधर नगर, पॉलीटेक्निक के सामने, टीवी टावर रोड पर अधिक संख्या में पेड़ गिरे हैं। जिन्हें हटाने और गिरे हुए बिजली पोल के मरम्मत का काम चल रहा है। पुसौर, कोड़ातराई, तमनार सहित ग्रामीण इलाकों में अलग से टीमें काम कर रही हैं। ठेकदारों की 3 टीम भी लगाई गई है। उन्होंने कहा कि शाम तक पूरी बिजली व्यवस्था बहाल कर ली जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/रघुवीर प्रधान

   

सम्बंधित खबर