एग्जिट पोल के नतीजों से उत्साहित भाजपा ने कांग्रेस को आत्मनिरीक्षण करने की दी सलाह

नई दिल्ली, 3 जून (हि.स.)। लोकसभा चुनाव के एग्जिट पोल से उत्साहित भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस को आत्मनिरीक्षण करने की सलाह दी है।

सोमवार को भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने मीडिया से बातचीत में कहा कि देश ने एक जून को एग्जिट पोल देख लिया है और हम चार जून को सटीक आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं। एग्जिट पोल के नतीजों को सच करता फैसला पूर्वोत्तर राज्यों के अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में आया है।

उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रदेश में भाजपा ने प्रचंड बहुमत के साथ वापसी की है। यह दर्शाता है कि पूर्वोत्तर के लोगों ने भाजपा पर कितना भरोसा जताया है, भले ही आईएनडीआई गठबंधन और कांग्रेस ने बहुत प्रचार किया हो लेकिन जनता उन्हें नकार दिया है। कांग्रेस को अब आत्मनिरीक्षण करना चाहिए। नगालैंड, असम, त्रिपुरा और मेघालय राज्यों ने कांग्रेस को भगा दिया है।

शहजाद पूनावाला ने कहा कि मीडिया के एग्जिट पोल के बाद अब बाजार एक तरह से चार जून को जो होने की उम्मीद कर रहा है, उसका बैरोमीटर भी आ गया है, जब सेंसेक्स और निफ्टी ने लगभग 2000 से ज्यादा अंकों की छलांग लगाई है। यह दर्शाता है कि न केवल बाजार बल्कि भारत के लोगों ने भी मोदी सरकार पर भरोसा जताया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ विजयलक्ष्मी/दधिबल

   

सम्बंधित खबर