चुनाव परिणाम से पहले नड्डा और अमित शाह से मिले मनोहर लाल

-प्रदेश की सभी सीटों पर दिया फीडबैक

-अब केंद्र की राजनीति में सक्रिय होंगे मनोहर लाल

चंडीगढ़, 03 जून (हि.स.)। लोकसभा चुनाव परिणाम से पहले हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा गृहमंत्री अमित शाह के साथ मुलाकात की। सोमवार शाम हुई इस मुलाकात के दौरान मनोहर लाल ने दोनों शीर्ष नेताओं को प्रदेश की सभी दस लोकसभा सीटों के बारे में अपना फीडबैक दिया।

चुनाव परिणाम सकारात्मक आने के बाद मनोहर लाल अब केंद्र की राजनीति में प्रवेश करने जा रहे हैं। जिसके चलते इसे केंद्र में एंट्री से पहले की बैठक माना जा रहा है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर करीब दो घंटे तक चली इस बैठक में हरियाणा के लोकसभा चुनाव के नतीजों को लेकर एक-एक सीट पर बातचीत की गई। करनाल विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के संभावित नतीजों के बारे में भी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने मनोहर लाल से जानकारी प्राप्त की। मनोहर लाल ने भाजपा नेतृत्व को राज्य में 11 कमल के फूल खिलने का फीडबैक दिया है, जिससे पार्टी नेतृत्व उत्साहित है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े भी इस मीटिंग में शामिल हुए। मनोहर लाल के साथ हरियाणा की लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला भी दिल्ली में गए थे, लेकिन शीर्ष नेतृत्व से मनोहर लाल अकेले ही मिले, जबकि बराला की उप राष्टपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात हुई।

करीब साढ़े नौ साल तक हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे मनोहर लाल प्रदेश में लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी का सबसे बड़ा चेहरा थे। यह चुनाव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम और मनोहर लाल के काम पर लड़ा गया। मनोहर लाल स्वयं करनाल लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार हैं, जिन्होंने अपना चुनाव लड़ते हुए राज्य की नौ लोकसभा सीटों पर भी भाजपा उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ मनोहर लाल ने पूरे प्रदेश में 134 छोटी-बड़ी जनसभाएं की।

बैठक में भाजपा के नये प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर भी चर्चा हुई बताई जाती है। प्रदेश अध्यक्ष के लिए करीब छह नेताओं के नाम चर्चा में हैं। इसके अलावा, चुनाव में अच्छा काम करने वाले तथा भितरघातियों के नाम पर भी बातचीत होने की सूचना सामने आई है।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/आकाश

   

सम्बंधित खबर