विधानसभा उपचुनाव : सुजानपुर और लाहौल-स्पीति में कांग्रेस की जीत

लाहौल-स्पीति से कांग्रेस की अनुराधा राणा जीतीं

सुजानपुर से कांग्रेस के रणजीत ने भाजपा को हराया

शिमला, 4 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में छह विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में दो सीटों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। चुनाव आयोग ने सुजानपुर से कांग्रेस के रणजीत सिंह राणा और लाहौल-स्पीति से अनुराधा राणा को विजयी घोषित कर दिया है।

कांग्रेस के उम्मीदवार रणजीत सिंह राणा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी व भाजपा के राजेन्द्र राणा को 2440 मतों से हराया। रणजीत को 29,529 मत मिले जबकि भाजपा के राजेन्द्र राणा 27,089 मत हासिल कर पाए। इस सीट पर अन्य चार उम्मीदवाराें की जमानत जब्त हो गई। कांग्रेस के विजयी उम्मीदवार रणजीत सिंह राणा पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार धूमल के करीबी रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2022 का विस चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़ा था और तब कांग्रेस के राजेन्द्र राणा से महज 399 मतों से हार गए थे।

विधानसभा के उपचुनाव से कुछ दिन पहले राजेन्द्र राणा ने भाजपा का दामन थामा था और भाजपा ने उन्हें सुजानपुर के उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया था। इनके जवाब में कांग्रेस ने रणजीत सिंह राणा को चुनाव मैदान में उतारा था। याद रहे कि विस उपचुनाव में हारने वाले राजेन्द्र राणा ने कांग्रेस की टिकट पर वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार प्रेम कुमार धूमल को हराकर सियासी सनसनी मचा दी थी।

लाहौल-स्पीति विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने एक बार फिर अपना परचम लहराया है। इस सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार अनुराधा राणा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी व निर्दलीय उम्मीदवार रामलाल मारकण्डा को 1960 मतों से पराजित किया। चौंकाने वाली बात यह रही कि इस सीट पर भाजपा के रवि ठाकुर तीसरे स्थान पर रहे। मतगणना में अनुराधा राणा को 9414 वोट और निर्दलीय रामलाल मारकण्डा को 7454 मत मिले, जबकि भाजपा के रवि ठाकुर को 3049 मत मिले हैं। रवि ठाकुर ने 2022 का विस चुनाव कांग्रेस की टिकट पर जीता था, लेकिन इसी साल मार्च महीने में उन्होंने भाजपा का दामन थामा और भाजपा ने इन्हें उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया था।

हिन्दुस्थान समाचार/उज्ज्वल

/सुनील

   

सम्बंधित खबर