उपचुनाव: दलबदल को जनता ने नकारा, गगरेट से कालिया तो कुटलैहड़ से विवेक शर्मा जीते

ऊना, 04 जून (हि.स.)। ऊना जिला में दल बदलकर चुनाव लडऩे वाले विधायकों को जनता ने नकार दिया है। विधानसभा क्षेत्र गगरेट से कांग्रेस पार्टी के राकेश कायिला और कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विवेक शर्मा ने जीत दर्ज की है। राकेश कालिया ने भाजपा के चैतन्य शर्मा और विवेक शर्मा ने भाजपा के देवेंद्र सिंह भुट्टों को मात दी है। चैतन्य शर्मा और देवेंद्र कुमार भुट्टो दोनों पहले कांग्रेस पार्टी के विधायक थे, जिन्होंने राज्यसभा वोटिंग के दौरान भाजपा के पक्ष में वोटिंग की थी और विधानसभा अध्यक्ष ने इनको दलबदल कानून के चलते निष्कासित कर दिया था।

विधानसभा क्षेत्र गगरेट से राकेश कालिया और चैतन्य शर्मा के बीच सीधा मुकाबला था, जबकि जहां से पांच प्रत्याशी मैदान में थे। विधानसभा क्षेत्र गगरेट में 63,359 लोगों ने वोट डाले थे। जिनमें से विजेता राकेश कालिया को 34,785 और चैतन्य शर्मा को 26,815 मत मिले। जबकि अन्य प्रत्याशी अमित वशिष्ठ को 559, अशोक सोंखला को 319 और मनोहर लाल शर्मा को 282 मत ही मिल पाए। वहीं 599 लोगों ने नोटा दबाया है।

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से चार प्रत्याशी मैदान में थे, जिनमें से भाजपा के देवेंद्र भुट्टो और कांग्रेस के विवेक शर्मा के बीच सीधा मुकाबला था। जिसमें विवेक शर्मा को 35,728 और देवेंद्र भुट्टो को 30,841 वोट पड़े। आजाद प्रत्याशी चंचल सिंह को 290 और राजीव शर्मा को 228 वोट पड़े। जबकि 337 लोगों ने नोटा का चुना है।

हिन्दुस्थान समाचार/विकास/सुनील

   

सम्बंधित खबर