पंजाब की 13 सीटों में से सात पर कांग्रेस और तीन पर आआपा का कब्जा, अमृतपाल की सबसे बड़ी जीत

राज्य में भाजपा नहीं खोल सकी खाता

एक पर अकाली दल व दो पर निर्दलीय जीते

चंडीगढ़, 4 जून (हि.स.)। पंजाब की 13 लोकसभा सीटों में से कांग्रेस ने सात सीटों पर जीत दर्ज कर प्रदेश में पार्टी की स्थिति मजबूत कर ली है। इस चुनाव में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी को केवल तीन सीटों पर संतोष करना पड़ा है। वहीं अकाली दल को एक सीट पर संतोष करना पड़ा है जबकि दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। राज्य में भारतीय जनता पार्टी खाता नहीं खोल पाई है। सबसे आश्चर्यजनक जीत कट्टरपंथी अमृतपाल की है। जिसने जेल में बैठकर चुनाव लड़ा और पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर सबसे बड़े अंतर से जीत दर्ज की है।

निर्वाचन आयोग के चुनाव परिणाम के अनुसार खडूर साहिब लोकसभा हलके से कट्टरपंथी अमृतपाल सिंह एक लाख 97 हजार 120 वोटों से विजयी घोषित हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस के कुलबीर सिंह जीरा को हराया। इस सीट पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार एवं पंजाब के कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर एक लाख 94 हजार 836 वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे। फरीदाकोट लोकसभा हलके से निर्दलीय उम्मीदवार व गरमपंथी सरबजीत सिंह खालसा ने आदमी पार्टी के उम्मीदवार एवं कॉमेडियन करमजीत अनमोल को 70 हजार 53 वोट से हराया है। बठिंडा लोकसभा सीट से शिरोमणि अकाली दल उम्मीदवार एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां को 49 हजार 656 वोटों से हराया।

होशियारपुर लोकसभा हलके से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार राजकुमार चब्बेवाल ने कांग्रेस की यामिनी गोमर को 44 हजार 111 वोट से पराजित किया है। पंजाब की ऐतिहासिक सीट आनंदपुर साहिब से आम आदमी पार्टी के मालविंदर सिंह कंग ने कांग्रेस के विजय इंद्र सिंगला को 10 हजार 846 वोटों से पराजित किया। आम आदमी पार्टी की पारंपरिक सीट संगरूर से आप के गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कांग्रेस के सुखपाल सिंह खैहरा को एक लाख 72 हजार 560 वोटों से हराया है।

अमृतसर लोकसभा सीट से कांग्रेस के गुरजीत सिंह औजला ने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार कुलदीप सिंह धालीवाल को 40 हजार 301 वोटों से हराया है। जालंधर से कांग्रेस के चरणजीत सिंह चन्नी ने भाजपा के सुशील कुमार रिंकू को एक लाख 75 हजार 993 वोटों से हराया है। लुधियाना लोकसभा हलके में कांग्रेस के अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग ने भारतीय जनता पार्टी के रवनीत सिंह बिट्टू को 20 हजार 942 वोटों के अंतर से हराया है।

राज्य की फतेहगढ़ साहिब संसदीय सीट से कांग्रेस के अमर सिंह ने आम आदमी पार्टी के गुरप्रीत सिंह जीपी को 34 हजार 202 वोटों के अंतर से हराया है। फिरोजपुर लोकसभा हलके से कांग्रेस के शेर सिंह घुबाया ने आम आदमी पार्टी के जगदीप सिंह काका बराड़ा को 3242 वोटों से पराजित किया है। पटियाला लोकसभा हलके से कांग्रेस के डॉ.धर्मवीर गांधी ने आम आदमी पार्टी के डॉ.बलबीर सिंह को 14 हजार 831 मतों से पराजित किया। गुरदासपुर लोकसभा हलके से कांग्रेस उम्मीदवार सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भाजपा के दिनेश सिंह बब्बू को 83 हजार 12 वोटों के अंतर से हराया।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनील

   

सम्बंधित खबर