फंड आवंटन में केंद्र सरकार का महाराष्ट्र के साथ सौतेला व्यवहार : नाना पटोले

मुंबई, 12 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने फंड आवंटन में केंद्र सरकार का महाराष्ट्र के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जीएसटी सहित सभी प्रकार के करों के मामले में सबसे ज्यादा पैसा महाराष्ट्र से केंद्र सरकार को जाता है। इसके बावजूद फंड आवंटन में महाराष्ट्र के साथ सौतेला व्यवहार जारी है।

नाना पटोले ने बुधवार को मुंबई में पत्रकारों को बताया कि नई एनडीए सरकार के गठन के बाद राज्यों को जो धनराशि वितरित की गई। इनमें से, भाजपा शासित उत्तर प्रदेश को सबसे अधिक 25,000 करोड़ रुपये, मध्य प्रदेश को 10,970 करोड़ रुपये और बीजेपी समर्थित बिहार को 14,000 करोड़ रुपये दिए गए हैं, लेकिन महाराष्ट्र को केवल 8,828 करोड़ रुपये दिए गए हैं। पटोले ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

नाना पटोले ने कहा कि केंद्र सरकार महाराष्ट्र के साथ हमेशा से दोयम व्यवहार कर रही है। जिन राज्यों में विपक्षी दलों की सरकार है, उन्हें कम धनराशि दी गई है। कर्नाटक में कांग्रेस सरकार को 5,000 करोड़ रुपये दिए गए हैं। पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार को सिर्फ 2,525 करोड़ रुपये दिए गए हैं। आंध्र प्रदेश के चंद्रबाबू नायडू की पार्टी ने केंद्र सरकार को समर्थन दिया है। इसके बदले 5,622 करोड़ रुपये का भारी फंड दिया गया है। पटोले ने कहा कि यह पैसा आम करदाताओं का है और उन्हीं के लिए इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन केंद्र सरकार जानबूझकर धन आवंटन में भेदभाव कर महाराष्ट्र के लोगों के साथ अन्याय कर रही है।

नाना पटोले ने कहा कि राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार होने के बावजूद, वे केंद्र से अधिक धन प्राप्त करने में सफल नहीं हुए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सामने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजीत पवार की राज्य के लिए फंड मांगने की हिम्मत नहीं है। यह राज्य का दुर्भाग्य है कि महायुति सरकार दिल्ली से जो मिलता है, उसी में संतुष्ट हैं, लेकिन इससे महाराष्ट्र की जनता का नुकसान हो रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/राजबहादुर/आकाश

   

सम्बंधित खबर