सांसद चुने जाने के बाद पहली बार बिलासीपारा पहुंचे रकिबुल

धुबड़ी (असम), 15 जून (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रकीबुल हुसैन सांसद चुने जाने के बाद पहली बार आज बिलासीपारा पहुंचे। पद्मश्री प्रतिमा बरुवा पाण्डेय सभागार में पहुंचे धुबड़ी के नवनिर्वाचित सांसद रकीबुल हुसैन का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

नवनिर्वाचित सांसद का स्थानीय युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवा दल, एनएसयूआई, मंडल कांग्रेस कार्यकर्ताओं, बिलासीपारा के रेलवे डिमांड कमेटी, बिलासीपारा जिला खेल संघ और विभिन्न पार्टी तथा संगठनों के सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस मौके पर सांसद रकीबुल हुसैन ने अपने संबोधन में कहा कि धुबड़ी संसदीय क्षेत्र में अलग-अलग प्रकार की समस्याएं हैं। चर्चा के माध्यम से इनका समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। हम मुख्य रूप से ब्रह्मपुत्र नद के कटाव को रोकने के लिए काम करना जारी रखेंगे। मुख्यमंत्री को असम को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए असम के विभिन्न भागों के साथ ही समान रूप से धुबड़ी संसदीय क्षेत्र की समस्याओं का समाधान भी करना होगा। सम्मान सभा में पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायकों के साथ ही वाजेद अली, विधायक रेकिबुद्दीन अहमद, विधायक अब्दुस सोबहान अली सरकार और पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर