कूचबिहार में बेघर भाजपा कार्यकर्ताओं से मिले भाजपा केंद्रीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य

कूचबिहार, 17 जून (हि.स)। चुनाव बाद हिंसा के चलते बेघर हुए भाजपा कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए चार सदस्यीय भाजपा केंद्रीय प्रतिनिधिमंडल सोमवार को कूचबिहार पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में सांसद रविशंकर प्रसाद, बिप्लब देव, बृजलाल और कविता पाटीदार शामिल हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने कूचबिहार जिला भाजपा कार्यालय में पीड़ित भाजपा कार्यकर्ताओं से बात की। कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान एक सिविक वालंटियर भाजपा पार्टी कार्यालय में घुस गया। जिससे तनाव की स्थिति पैदा हो गई। इस दौरान भाजपा नेता अग्निमित्रा पाल ने सिविक वालंटियर का मोबाइल फोन छीन लिया।

भाजपा का आरोप है कि पुलिस ने सिविक वालंटियर को अंदर की जानकारी लेने के लिए भेजा था। सूत्रों के अनुसार इस दौरान कूचबिहार के कोतवाली थाने के प्रभारी पर भी हमला किया गया। हालांकि, भाजपा नेतृत्व की मौजूदगी में सिविक वालंटियर को पार्टी कार्यालय से बाहर निकाल दिया गया।

इसके बाद भाजपा पार्टी कार्यालय से भाजपा केंद्रीय कमेटी के प्रतिनिधि सीधे कूचबिहार के चकचका स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहे घायल भाजपा कार्यकर्ताओं को देखने के लिए निकल गए। उन्होंने वहां जाकर घायलों और उनके परिवारों से बात की और उनके साथ खड़े रहने का वादा किया।

केंद्रीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य तथा सांसद रविशंकर प्रसाद ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर अत्याचार को लेकर राज्य सरकार पर जम कर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार-जीत लगी रहती है। इसका मतलब यह नहीं है कि आप विरोधियों के कार्यकर्ताओं पर अत्याचार करेंगे। राज्य की मुख्यमंत्री खुद एक महिला हैं, लेकिन यहां महिलाओं पर लगातार अत्याचार हो रहा है। इसका जवाब मुख्यमंत्री को देना होगा।

हिन्दुस्थान समाचार/सचिन/संजीव

   

सम्बंधित खबर