भरभरा कर गिर गई मस्जिद

नई दिल्ली, 17 जून (हि.स.)। पुरानी दिल्ली के चूड़ीवाला इलाके में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। जहां सड़क धंसने की वजह से एक मस्जिद अचानक भरभराकर गिर गई।

इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि कुछ लोग मस्जिद से दूर खड़े होकर उसका वीडियो बना रहे हैं। तभी अचानक मस्जिद गिर जाती है, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच जाती है। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

जानकारी के अनुसार करीब 10 साल पहले इस मस्जिद को बनाया गया था और ये संगमरमर की मस्जिद के नाम से जानी जाती थी। आज सुबह पुलिस को यह सूचना मिली कि मस्जिद के सामने सड़क धंस गई है। इसके बाद पुलिस ने आस-पास की दुकानों को खाली करवाया, जिससे बड़ा हादसा होने से रोका जा सके। दोपहर मस्जिद के सामने लोगों की भीड़ लगी थी। तभी अचानक ये मस्जिद भरभराकर गिर गई।

गनीमत ये रही कि इसकी जद में कोई नहीं आया क्योंकि पुलिस ने पहले से ही आस-पास के इलाके को खाली करवा लिया था। अब पुलिस और प्रशासन इस बात की जांच में जुटा है कि सड़क कै धंसी। फिलहाल मलबे को सड़के से हटाने का काम जारी है।

ये हादसा कोई नया नहीं है। कुछ समय पहले दिल्ली स्थित रोहिणी जिला के बेगमपुर इलाके में एक मकान की छत गिरने से दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जैन नगर और बेगमपुर इलाके में पहले भी कई मकान, पानी की निकासी न होने के कारण धराशायी हो चुके हैं, जिसको लेकर स्थानीय लोगों में जनप्रतिनिधियों और सरकार के खिलाफ नाराजगी है।

हिन्दुस्थान समाचार/ अश्वनी/रामानुज

   

सम्बंधित खबर