हिसार: कर्मचारियों के कल्याण के लिए विश्वविद्यालय लगातार प्रयासरत: नरसी राम बिश्नोई

तकनीकी विभाग में कार्यरत कर्मचारी दिनेश को दी 50 हजार की आर्थिक सहायता

हिसार, 19 जून (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने पर्यावरण विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग में तकनीकी सहायक ग्रेड-1 के पद पर कार्यरत दिनेश चन्द्र को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। बुधवार को यह सहायता राशि दिनेश चन्द्र को कुलपति विवेकाधिकार फंड में से प्रदान की गई है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि संस्थान में कार्य करने वाले कर्मचारियों के कल्याण के प्रति विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी बनती है। विश्वविद्यालय कर्मचारियों के कल्याण के लिए इस प्रकार के कार्य करता रहता है और आगे भी कल्याण कार्य करता रहेगा।

गुजविप्रौवि गैर शिक्षक कर्मचारी कल्याण संघ के प्रधान विपिन वधवा ने इस सहायता राशि के लिए कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई का आभार व्यक्त किया है। कर्मचारी दिनेश चन्द्र प्रयोगशाला में प्रेक्टिकल करवाते समय पैर फिसलने से दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे, जिससे उनके मुहं तथा हाथ-पैर पर एसिड के घाव हो गए थे। इस सहायता राशि से उन्हें ईलाज करवाने में आर्थिक मदद मिलेगी। इस अवसर पर गुजविप्रौवि गैर शिक्षक कर्मचारी कल्याण संघ के प्रधान विपिन वधवा, उपप्रधान दीपक कुमार, महासचिव संदीप झुरिया व लेखा शाखा के सहायक कुलसचिव सुशील कुमार उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/संजीव

   

सम्बंधित खबर