हमीरपुर व देहरा में कांग्रेस उम्मीदवार शुक्रवार को दाखिल करेंगे नामांकन

शिमला, 20 जून (हि.स.)। राज्य की हमीरपुर और देहरा विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार 21 जून शुक्रवार को नामांकन भरेंगे। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी मौजूद रहेंगी। कांग्रेस ने हमीरपुर से डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा व देहरा सीट से कमलेश ठाकुर को चुनाव मैदान में उतारा है।

उपचुनाव के लिए शुक्रवार को नामांकन का आखिरी दिन है। हमीरपुर और देहरा के अलावा नालागढ़ सीट पर भी उपचुनाव हो रहे हैं। यहां से कांग्रेस उम्मीदवार हरदीप बाबा नामांकन पत्र भर चुके हैं। तीन निर्दलीय विधायकों के इस्तीफे के कारण इन सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। भाजपा ने तीनों पूर्व निर्दलीय विधायकों को उम्मीदवार बनाकर चुनावी जंग को दिलचस्प बना दिया है।

इस बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का दावा है कि प्रदेश के उपचुनावों के परिणाम कांग्रेस के पक्ष में आएंगे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरने को कहा है। उन्होंने आज हमीरपुर व देहरा ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ नामांकन के बाद होने वाली जनसभाओं की तैयारियों की जानकारी ली और ब्लॉक पदाधिकारियों से चुनाव तैयारियों को लेकर फीडबैक भी लिया।

प्रतिभा सिंह ने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से इन सभाओं को सफल बनाने के लिये दिशानिर्देश देते हुए कहा कि जिस भी पदाधिकारी को चुनाव प्रबंधन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है उसे उन्हें पूरी ईमानदारी से पूरा करना होगा।

हिन्दुस्थान समाचार/उज्ज्वल/सुनील

   

सम्बंधित खबर