तीन उपचुनाव के बाद कांग्रेस के विधायकाें की संख्या 41 होगी : संजय अवस्थी

शिमला, 21 जून (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने कहा है कि प्रदेश में तीन उप चुनावों के बाद प्रदेश में कांग्रेस विधायकों की संख्या 41 हो जाएगी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का यह कहना कि तीन उप चुनावों के बाद प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी पूरी तरह से मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखना जैसा है है जो कभी पूरे नही होते।

संजय अवस्थी ने शुक्रवार को यहां कहा कि कांग्रेस सरकार के पास इस समय भी पूर्ण बहुमत है। छह उप चुनावों में से 4 उप चुनावों में कांग्रेस ने अपनी जीत का परचम लहराया है और अभी भी कांग्रेस विधायकों की संख्या 38 है जो बहुमत से अधिक है। इसलिए भाजपा का यह कहना की तीन उप चुनावों के बाद प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है पूरी तरह भ्रामक और तथ्यों से परे है।

संजय अवस्थी ने पार्टी कार्यकर्ताओं व लोगों से भाजपा के किसी भी दुष्प्रचार से आगह करते हुए कहा है कि प्रदेश में अब भाजपा का कोई भी षड्यंत्र सफल होने वाला नही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार पूरी तरह मजबूत है और अपना कार्यकाल सफलता पूर्वक पूरा करेगी। उन्होंने कहा है कि भाजपा ने तीन निर्दलीय विधायको का राजनैतिक भविष्य पूरी तरह चौपट कर दिया है और अब वह भाजपा से कभी जीतने वाले नही।

अवस्थी ने नालागढ़,हमीरपुर व देहरा ब्लॉक के पार्टी पदाधिकारियों से पूरी तरह चुनाव मैदान में डटने व भाजपा के किसी भी धनबल पर पूरी नजर रखने को कहा है। उन्होंने कहा कि अगर कहीं पर भी ऐसा पाया जाता है तो इसकी सूचना उन्हें तुरंत प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के वॉर रूम के साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पार्टी चुनाव प्रभारियों को देनी होगी, जिससे उपयुक्त कार्यवाही अमल में लाई जा सकें।

उन्होंने कहा कि भाजपा का लोकतंत्र से खिलवाड़ नही होने दिया जाएगा। प्रदेश में जनमत कांग्रेस के पास है और इन तीन उप चुनाव परिणामों के बाद प्रदेश में कांग्रेस सरकार ओर भी मजबूत होगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ सुनील/उज्जवल

   

सम्बंधित खबर