योगमय हुई सूर्यनगरी, सूर्योदय के साथ ही शुरू हो गए कार्यक्रम

जोधपुर, 21 जून (हि.स.)। दसवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शुक्रवार को जोधपुर शहर में अनेक स्थानों पर योग के कार्यक्रम हुए। इस अवसर पर घरों से लेकर पहाड़ों व पानी तक में योग हुआ। योग को लेकर बच्चों से लेेकर युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में भी उत्साह देखा गया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस स्वयं एवं समाज के लिए योग की थीम पर मनाया गया। इस दौरान शहर के हर एरिया में योग कार्यक्रम आयोजित हुए। अपणायत की पहचान रखने वाले जोधपुर के सभी योग केंद्र, योग शिक्षक एवं अध्यात्मिक संगठनों ने एकजुट होकर योग दिवस मनाया।

दसवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मुख्य समारोह श्री उम्मेद राजकीय स्टेडियम में आयोजित हुआ। समारोह का शुभारंभ कानून, न्याय व संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल के मुख्य आतिथ्य में अतिथिगणों ने महर्षि पतंजलि के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जीव जंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह बिश्नोई, पूर्व राज्यसभा सांसद नारायण पंचारिया, शहर विधायक अतुल भंसाली, संभागीय आयुक्त बीएल मेहरा, जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल, सभी अपर जिला कलेक्टर एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग जोधपुर डॉ अशोक कुमार मित्तल व अन्य विभागों के अधिकारी और कार्मिक एवं आमजन ने भाग लिया।

नगर निगम उत्तर और दक्षिण की ओर से योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर निगम दक्षिण की ओर से गांधी मैदान में आयोजित योग कार्यक्रम का महापौर वनिता सेठ एवं आयुक्त दक्षिण टी शुभ मंगला ने शुभारम्भ किया। वहीं आयुक्त उत्तर अतुल प्रकाश से बताया कि नगर निगम उत्तर की ओर से उम्मेद उद्यान में योग कार्यक्रम आयोजित हुआ।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल का मुख्य योगाभ्यास कार्यक्रम रेलवे स्टेडियम पर आयोजित किया गया। जोधपुर डीआरएम पंकज कुमार सिंह ने बताया कि इस दौरान विभिन्न योगाचार्य ने रेलवे अधिकारियों व कर्मचारियों को योगाभ्यास करवाया।

सेंट्रल जेल में भी योग का आयोजन हुआ। जेलर हनवंत सिंह ने बताया कि जेल प्रांगण में जेल के स्टाफ ने योग किया वहीं अंदर हॉल में सेंट्रल जेल के कैदियों ने योगा किया।

जेडीए में योग दिवस पर सुबह 6 बजे से 7.30 बजे तक डाइट कंसल्टेशन व योगा सेशन का आयोजन हुआ। इस अवसर पर डायटीशियन रवीना अग्रवाल और योगा एक्सपर्ट दर्शना खीची ने सेशन दिए।

केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के नवारक्षी प्रशिक्षण संस्थान में आर्ट ऑफ लिविंग सोसायटी एवं योगा अलायंस जोधपुर के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि योग गुरु कीर्ति चोरडिया ने योगाभ्यास करवाया।

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) जोधपुर में योग दिवस के उपलक्ष्य में योग अभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह 5.30 से 6.30 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में एम्स जोधपुर के कार्यकारी निदेशक डॉ. जीडी पुरी की उपस्थिति रही। उम्मेद उद्यान में योगाचार्य राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में योग प्रोग्राम हुआ। इसमें बड़ी संख्या महिलाओं ने भाग लिया। योगाचार्य राजेंद्र कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य सबसे बड़ा उपहार है, संतोष सबसे बड़ा धन है और योग वह साधन है, जिससे यह दोनों मिलते हैं।

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय सीमा सुरक्षा बल में योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। प्राचार्य डॉ. राकेश व्यास ने बताया कि मुख्य योगाचार्य वशिष्ठ पाराशर एवं प्रधानाध्यापक आरएल दवे द्वारा सहायक योगाचार्य अंकित दाधीच को हरित पौध देकर उनका स्वागत किया गया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ओस्टियोपेथिक योग गुरु ने सभी बच्चों, प्राचार्य, शिक्षक एवं शिक्षिकाओं के साथ योग किया।

क्रीड़ा भारती जोधपुर महानगर द्वारा 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर क्रीड़ा भारती जोधपुर महानगर द्वारा संस्थाओं के साथ मिलकर सौ से अधिक स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित हुए। महानगर कार्याध्यक्ष वरुण धनाडिया ने बताया कि मुख्य कार्यक्रम गौशाला मैदान में आयोजित हुआ।

राजकीय कन्या महाविद्यालय सूरसागर में योग दिवस मनाया गया। कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. अनुराधा श्रीवास्त ने योग प्रशिक्षक के रूप में योग करने की जानकारी दी। वहीं सहसंयोजक पं. सतीश बोहरा ने सनमुख प्रायोगिक योग करके बताए। सहायक आचार्य उर्दू मोअज्जम अली ने योग दिवस व विश्व संगीत दिवस की शुभकामना दी।

हिन्दुस्थान समाचार/सतीश/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर