जालौन पुलिस ने 50 हजार के इनामी गौतस्कर को गिरफ्तार किया

जालौन, 21 जून (हि.स.)। जनपद में गौमांस की तस्करी करने वाले गिरोह के आखिरी 50 हजार रुपये के इनामी गौतस्कर को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया है। एसओजी, सर्विलांस और एट थाना पुलिस को चेकिंग में इनामी गौतस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।

एट थाना पुलिस ने बीते साल 2023 में 21 दिसंबर को चेकिंग के दौरान एक कंटेनर से 21000 किलो गौमांस बरामद किया था। पुलिस ने मौके से पकड़े गए कुछ अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल दिया था। वहीं गिरोह के कुछ सदस्यों पर पुलिस ने इनाम घोषित किया था। इनमें गौतस्करों में आखिरी सलमान पर 50 हजार इनाम घोषित किया गया था।

अपर पुलिस अधीक्षक असीम चौधरी ने बताया कि शुक्रवार को 50000 का इनामी गौतस्कर सलमान निवासी दिल्ली सदर बाजार को पुलिस टीमों ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान कानपुर-झांसी हाईवे पर बने एकता होटल के पास से गौतस्कर को पकड़ा है। आरोपित को जेल भेजते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ विशाल/मोहित

   

सम्बंधित खबर