गुरुग्राम: फर्रूखनगर को उपमंडल बनाने की केंद्रीय मंत्री से मांग

-केंद्रीय मंत्री राव इन्द्रजीत सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को दिया आश्वासन

गुरुग्राम, 25 जून (हि.स.)। हैरीटेज सिटी फर्रूखनगर उपमंडल बनाने की मांग को लेकर मंगलवार को क्षेत्र का एक प्रतिनिधि मंडल हरियाणा पुलिस के पूर्व अधिकारी बाबूलाल काटीवाल के नेतृत्व में केन्द्रीय राज्य मंत्री राव इन्द्रजीत सिंह से मिला। उन्हें मांग पत्र सौंपकर इलाके को उपमंडल का दर्जा दिलाने की पुरजोर मांग की।

केंद्रीय मंत्री राव इन्द्रजीत सिंह ने प्रतिनिधि मडंल को आश्वासन देते हुए कहा कि उप मंडल का दर्जा मिलना चाहिए। वह इसके लिए हमेशा से वकालत करते रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से बारे में बात करेंगे। जिससे एतिहासिक शहर फर्रूखनगर को उप मंडल का दर्जा मिल सके। उन्होंने बताया कि इलाके के विकास को गति देने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने लोकसभा चुनाव में विजय दिलाने के लिए इलाके की जनता का आभार प्रकट किया और जल्द ही धन्यवादी दौरा भी करेगें।

सौपें गए पत्र में हरियाणा पुलिस के पूर्व अधिकारी बाबू लाल काटीवाल, नन्द किशोर यादव, समाजसेवी राधे श्याम सैनी, नरेश शर्मा आदि ने बताया कि हरियाणा जैसे प्रगतिशील राज्य के जिला गुरूग्राम जैसे विश्यस्तरीय जिले का हिस्सा होने के बावजूद भी फर्रुखनगर जैसे ऐतिहासिक ब्लॉक आज भी विकास की मुख्यधारा से अछुता है। फर्रूखनगर ब्लॉक का देश की आजादी, जिले व प्रदेश के विकास में अहम किरदार रहा है। जिला गुरुग्राम में चार ब्लॉक फर्रूखनगर, सोहना, गुरुग्राम, पटौदी आते है। सरकार द्वारा जिला गुरुग्राम में ब्लॉक पटौदी, सोहना, गुरुग्राम यहां तक कि गांव बादशाहपुर व मानेसर को उपमंडल तथा नगर निगम का दर्जा दिया जा चुका है। गांव कादीपुर, हरसरू को उप-तहसील का दर्जा दिया जा चुका है। जिला गुरुग्राम के मुगलकाल से उदय हुए ऐतिहासिक शहर फर्रूखनगर को उपमंडल के दर्जे से अभी तक वंचित रखा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ईश्वर/संजीव

   

सम्बंधित खबर