आरटीआई लगाने पर धमकाया, सरपंच व अन्य पर केस दर्ज

फतेहाबाद, 25 जून (हि.स.)। आरटीआई कार्यकर्ता ने गांव कन्हड़ी की सरपंच व उसके परिवार पर आरटीआई वापस न लेने पर उसे जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस बारे में पुलिस ने मंगलवार को सरपंच व अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में टोहाना के गांव कन्हड़ी निवासी मनप्रीत सिंह ने कहा है कि उसने गांव की सरपंच कविता के खिलाफ एक आरटीआई लगाई हुई है। इसको लेकर सरपंच उसके साथ रंजिश रखती है।

उसने आरोप लगाया कि इसी रंजिश के चलते सरपंच कविता, उसका पति प्रदीप कुमार व पिता राममेहर उसे परेशान करते हैं। गत दिवस उक्त लोगों ने अज्ञात व्यक्ति के माध्यम से फोन करवाया और गाली-गलौच की। इन लोगों ने उनके खिलाफ लगाई गई आरटीआई वापस न लेने पर उसे व उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इस पर पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार/अर्जुन/सुमन

   

सम्बंधित खबर