इतिहास के पन्नों में 27 जूनः सत्तावन साल पहले इंडियन एयरलाइंस को मिला पहला स्वदेशी विमान

देश-दुनिया के इतिहास में 27 जून की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। इस तारीख का महत्व भारत के विमानन क्षेत्र में खास है। सत्तावन साल पहले इंडियन एयरलाइंस को पहला स्वदेशी विमान मिला था। इंडियन एयरलाइंस को 27 जून 1967 को मिले इस स्वदेशी यात्री विमान का नाम एवीआरओ हॉकर सिडली एचएस-748 था। इसे हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ने बनाया था। इसमें 40-48 लोग बैठ सकते थे। बाद में इसका नाम बदलकर एचएएल-748 कर दिया गया।

हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स ने 89 विमान बनाए थे। इनमें से 72 भारतीय वायुसेना के लिए और 17 इंडियन एयरलाइंस के लिए थे। पहली अगस्त 1953 को इंडियन एयरलाइंस की शुरुआत हुई थी। आजादी के पहले से मौजूद सात क्षेत्रीय कंपनियों डेक्कन एयरवेज, एयरवेज इंडिया, भारत एयरवेज, हिमालयन एविएशन, कलिंगा एयरलाइंस, इंडियन नेशनल एयरवेज और एयर सर्विसेज ऑफ इंडिया को मिलाकर इंडियन एयरलाइंस कंपनी बनाई गई थी। शुरुआती लागत 3.20 करोड़ रुपये थी। उस समय इंडियन एयरलाइंस के पास 99 विमान थे। यह सारे विमान विदेशी कंपनियों ने बनाए थे।

इतिहास में सनद यह भी है कि नौ दिसंबर 1971को जब यह विमान मदुरई उतरने की तैयारी में था तभी चिन्नामन्नौर के पास दृश्यता कम होने की वजह से हादसाग्रस्त हो गया। इसमें चार क्रू मेंबर और 17 यात्रियों की मौत हो गई थी, लेकिन, 10 लोग बच गए थे। 19 अगस्त 1981 को इंडियन एयरलाइंस (संख्या 557) मेंगलोर-बाजपे एयरपोर्ट के रन-वे से आगे बढ़ गया था, क्योंकि रन-वे गीला था। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था। इस विमान में पूर्व मंत्री वीरप्पा मोइली भी थे।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1693ः लंदन में महिलाओं की पहली पत्रिका लेडीज मरकरी का प्रकाशन।

1940ः सोवियत संघ की सेना ने रोमानिया पर हमला किया।

1957ः ब्रिटेन की मेडिकल रिसर्च काउंसिल की एक रिपोर्ट में बताया गया कि धूम्रपान की वजह से फेफड़ों का कैंसर हो सकता है।

1967ः लंदन के एनफील्ड में विश्व का पहला एटीएम स्थापित किया गया।

1967ः भारत में निर्मित पहले यात्री विमान एचएस 748 को इंडियन एयरलाइंस को सौंपा गया।

1991ः यूगोस्लाविया की सेना ने स्लोवेनिया के स्वतंत्र होने के 48 घंटे के भीतर ही इस छोटे से देश पर हमला कर दिया।

2002ः जी-8 देश परमाणु हथियार नष्ट करने की रूसी योजना पर सहमत हुए।

2003ः अमेरिका में समलैंगिकता पर प्रतिबंध रद्द।

2005ः ब्रिटेन ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की वीटो रहित स्थायी सदस्यता का समर्थन किया।

2008ः माइक्रोसॉफ्ट कारपोरेशन के चेयरमैन बिल गेट्स ने अपने पद से इस्तीफा दिया।

2008ः भारत और पाकिस्तान ने ईरानी गैस पाइप लाइन परियोजना को शुरू करने में आ रही बाधाओं को दूर किया।

2021: जम्मू में वायुसेना अड्डे पर आतंकवादियों ने ड्रोन से विस्फोटक गिराए।

2015ः भारत के फिल्म इतिहास में खास मुकाम रखने वाले सत्यजीत रे (सत्यजित राय) की तस्वीर को संयुक्त राष्ट्र ने अपने मुख्यालय में प्रदर्शित करने का फैसला किया।

जन्म

1919ः मशहूर नृत्यांगना एवं कोरियोग्राफर अमला शंकर।

1939ः फिल्म संगीतकार राहुल देव बर्मन।

1950ः हिन्दी सिनेमा के प्रसिद्ध गायक नितिन मुकेश।

1964ः भारतीय खिलाड़ी पीटी उषा।

निधन

1839ः भारतीय इतिहास में प्रसिद्ध सिखों के महाराजा रणजीत सिंह।

2008ः भारतीय सेना के पूर्व अध्यक्ष सैम मानेकशॉ। सैम के ही नेतृत्व में भारत ने 1971 में हुए भारत-पाकिस्तान युद्ध में विजय प्राप्त की थी।

महत्वपूर्ण दिवस

-सैम मानेकशॉ की पुण्यतिथि।

हिन्दुस्थान समाचार/मुकुंद

   

सम्बंधित खबर