सिरसा: ओवरटाइम जारी नहीं किया, रोडवेज कर्मचारी भूख हड़ताल की

सरकार के खिलाफ की नारेबाजी, कहा- हमारा हो रहा शोषण

सिरसा,26 जून (हि.स.)। ऑल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के आह्वान पर रोडवेज कर्मचारियों ने बुधवार को बस स्टैंड पर प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद रोडवेज कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठ गए।

यूनियन नेता मदन लाल ने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, तब से रोडवेज कर्मचारियों की मांगों को पूरा नहीं किया जा रहा है। वर्ष 2014 से रोडवेज कर्मचारियों को सिर्फ आश्वासन ही दिए जा रहे हैं। वर्ष 2014 में पहली बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही सभी रोडवेज कर्मचारियों का दिवाली बोनस रोक दिया गया, जो अभी तक नहीं मिल रहा है, जिससे रोडवेज कर्मचारियों का शोषण हो रहा है।

यूनियन नेता पृथ्वी लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार वर्ष 2018 में किलोमीटर स्कीम की नीति लेकर आई। रोडवेज कर्मचारियों के विरोध के बावजूद तानाशाही दिखाते हुए किलोमीटर स्कीम लागू कर दी गई, जिससे रोडवेज को हर दिन घाटा हो रहा है। साथ ही इन बसों में सफाई व्यवस्था भी बेहतर नहीं है।

पूर्व परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा द्वारा कर्मचारियों की मांगों को लेकर कई आश्वासन दिए गए, लेकिन मांगें पूरी नहीं की गईं। पूर्व मुख्यमंत्री के ओएसडी ने लिखित में मुख्यमंत्री से बात करने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद पूर्व मुख्यमंत्री ने रोडवेज कर्मचारियों से बात करने के लिए समय नहीं दिया। रोडवेज कर्मचारियों का कहना है कि राज्य सरकार लगातार रोडवेज कर्मचारियों का शोषण कर रही है। कर्मचारियों को समय पर ओवरटाइम जारी नहीं किया जाता है। कई महीनों तक ओवरटाइम बंद रहता है, जिससे ड्राइवरों और कंडक्टरों को परेशानी होती है।

हिन्दुस्थान समाचार/रमेश/संजीव

   

सम्बंधित खबर