मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल परियोजना का जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया

जालौन, 26 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा डकोर विकास खंड के ग्राम ऐरी रमपुरा में विकास कार्यों का लोकार्पण किया था। जिसके बाद अब तक विकास कार्यों का निर्माण कार्य जारी है। निर्माण कार्य का जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बुधवार को निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने सम्बंधित कार्यदायी संस्था व अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए कि निर्धारित समय पर कार्यों को पूर्ण कर लिया जाए।

बताते चलें कि विगत वर्षों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्राम ऐरी रमपुरा में जनसभा को सम्बोधित किया था। उन्होंने ग्रामीणों को राजकीय हाईस्कूल व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सौगात दी थी। जिसका लोकार्पण भी मुख्यमंत्री के द्वारा किया गया था। इस गांव में बनने वाले राजकीय हाईस्कूल के निर्माण की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था यूपी सिडको को 20 नवंबर 23 को सौंपा गया था। जिसकी लागत 2.428 करोड़ है। इसी प्रकार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड को सौंपी गई थी। जिसकी लागत 2.16 करोड़ है। ग्राम ऐरी रमपुरा पहुंचे जिलाधिकारी ने इन निर्माण कार्यों का आज जायजा लिया।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने गांव में नहरों से भरे जा रहे अमृत सरोवर का भी निरीक्षण किया। जहां उन्होंने अमृत वाटिका बनाए जाने के निर्देश दिए। जिसमें छायादार व औषधीय पौधे लगाने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने गांव के खाद्यान्न स्मार्ट मॉडल शॉप, आंगनवाड़ी केंद्र, सामुदायिक शौचालय का भी निरीक्षण किया।

हिन्दुस्थान समाचार/ विशाल/मोहित

   

सम्बंधित खबर