उपचुनाव : नामांकन वापसी के बाद तीन सीटों पर 13 उम्मीदवार मैदान में

हमीरपुर से तीन, देहरा और नालागढ़ से पांच-पांच उम्मीदवार

शिमला, 26 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव में नामांकन वापसी के बाद अब कुल 13 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। नामांकन वापसी के अंतिम दिन हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र और नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में एक-एक उम्मीदवार ने नाम वापस लिया है। देहरा विधानसभा सीट से किसी उम्मीदवार ने नाम वापस नहीं लिया है। अब देहरा विधानसभा सीट के लिए पांच, हमीरपुर विधानसभा सीट के लिए तीन और नालागढ़ विधानसभा सीट के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में हैं।

निर्वाचन विभाग के एक प्रवक्ता ने बुधवार को यहां बताया कि देहरा में किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन वापस नहीं लिया है। हमीरपुर में निर्दलीय उम्मीदवार प्रदीप कुमार और नालागढ़ में निर्दलीय उम्मीदवार गुरनाम सिंह ने अपना नामांकन वापस लिया है।

कांगड़ा जिले की देहरा विधानसभा क्षेत्र में पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें इण्डियन नेशनल कांग्रेस के कमलेश, भारतीय जनता पार्टी के होशियार सिंह के अलावा सुलेखा देवी, अरुण अंकेश स्याल तथा एडवोकेट संजय शर्मा निर्दलीय चुनावी मैदान में हैैं।

हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र से केवल तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी के आशीष शर्मा इण्डियन नेशनल कांग्रेस के डॉ. पुष्पिंदर वर्मा और निर्दलीय उम्मीदवार नन्द लाल शर्मा चुनावी मैदान में हैैं। इसी तरह नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र से पांच उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें इण्डियन नेशनल कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा, भारतीय जनता पार्टी के केएल. ठाकुर, स्वाभिमान पार्टी के किशोरी लाल शर्मा और हरप्रीत सिंह व विजय सिंह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में हैैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ सुनील/सुनील

   

सम्बंधित खबर