लिफ्ट देने के बहाने महिला के जेवर व नकदी हड़पने वाले तीन गिरफ्तार

चित्तौड़गढ़, 26 जून (हि.स.)। शहर के निकट डगला का खेडा स्कूल में मीड डे मील का काम करने वाली महिला को लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठा कर धोखे से जेवरात व नकदी हड़पने के मामले में सदर थाना चित्तौड़गढ़ पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने दिल्ली के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि डगला का खेडा स्कूल में मीड डे मील में काम करने वाली धमाणा हाल बोदियाना निवासी चन्दा शर्मा पत्नी विष्णु उपाध्याय अपने पांच साल के पोते के साथ 13 मई को स्कूल से फ्री होकर धमाना जाने के लिये डगला का खेडा चौराये पर बस का इन्तजार कर रही थी। यहां एक व्यक्ति ने उसे झांसे में लेकर एक कार में लिफ्ट लेने के लिए तैयार कर लिया। कुछ समय बाद एक कार आई, जिसमें उस व्यक्ति के कहने पर विश्वास कर अपने पोते के साथ बैठ गई। कार में पहले से चालक समेत दो व्यक्ति बैठे थे। मार्ग में माताजी की पाण्डोली के आगे पहुंचे तो उनमें से एक व्यक्ति को फोन आया कि आगे पुलिस जांच कर रही है। कार चालक ने महिला व उसके पास बैठे लडके से उनके पास चाकु छुरी होने के बारे में पूछा। कार में सवार लडके के कहने पर महिला के पास बैठे लड़के ने पैसे निकाल कर लिफाफे में रख कर सफेद शर्ट वाले व्यक्ति को दे दिया। महिला ने भी गले में पहनी सोने की चेन एक तोला, कान के टोप्स लड वाले वजनी एक तोला के खोल कर लिफाफे में रख सफेद शर्ट वाले व्यक्ति को दे दिया था। फिर कुछ ही दूरी पर जाकर उन्होने कार रोक कर पुलिस जांच के नाम पर उतार कर उसी रंग का दूसरा लिफाफा दे दिया। दूसरे लडके को आगे उतारने के लिए कह कर चले गए। महिला ने लिफाफा खोल कर देखा तो उसकी जेवरात व नगदी उसमे नही थी। उसमें लाल व पीले रंग के तार के टुकड़े थे। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया। घटनास्थल के आस-पास के क्षेत्र में सीसी टीवी कैमरे देखे। तकनिकी साधनों के माध्यम से घटना का खुलासा करते हुए महिला की धोखाधडी से चेन लेकर जाने वाले आरोपित दिल्ली के त्रिलोकपुरी मयूर विहार फेज 1 निवासी अकित पुत्र सुरेश वाल्मिकी, नाजिम पुत्र बुढढन मुसलमान व ब्लॉक नम्बर 34 त्रिलोकपुरी निवासी इसरार पुत्र भुरे खान को गिरफ्तार किया। पुलिस इनसे आभूषण बरामदगी के प्रयास में है।

हिन्दुस्थान समाचार/अखिल/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर