न्यूवोको सीमेंट प्लांट के बाहर धरना दे रहे श्रमिकों के खिलाफ मामला दर्ज, 29 गिरफ्तार

चित्तौड़गढ़, 26 जून (हि.स.)। जिले के निंबाहेड़ा उपखंड क्षेत्र में न्यूवोको सीमेंट प्लांट के गेट पर करीब आठ दिन से ठेका श्रमिक प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं अब इन श्रमिकों के खिलाफ पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज हुआ है। फैक्ट्री के उप महाप्रबंधक ने अंदर कार्य करने वाले श्रमिकों के साथ मारपीट करने, उपकरणों में तोड़फोड़ तथा जान से मारने की धमकियां देने का आरोप लगाते हुए पुलिस थाने में रिपोर्ट दी है। सदर थाना पुलिस निंबाहेड़ा ने इस मामले में प्रकरण दर्ज करते हुए 29 श्रमिकों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।

जानकारी में सामने आया कि अपनी तीन सूत्रीय मांग पत्र को लेकर न्यूवोको सीमेंट प्लांट में ठेका श्रमिक विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कई बार ज्ञापन भी दिया जा चुका है तथा प्रशासन की ओर से भी वार्ता करवा कर समझाईश का प्रयास भी किया गया था। लेकिन उनकी मांगों को लेकर कोई सहमति नहीं बनी। इसी बीच मंगलवार को न्यूवोको सीमेंट प्लांट में विवाद हो गया। फैक्ट्री के गेट पर प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों पर जबरन अंदर घुस कर पहले से ही कार्य कर रहे स्थाई श्रमिकों के साथ मारपीट करने, फैक्ट्री में लगे उपकरणों में तोड़-फोड़ करने तथा श्रमिकों को जान से मारने की धमकियां देने का आरोप लगा। फैक्ट्री के उप महाप्रबंधक मानव संसाधन विभाग मीनेश डाकवे की रिपोर्ट पर सदर थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। इस मामले में पुलिस का अनुसंधान जारी है। इसे लेकर निंबाहेड़ा सदर थानाधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि फैक्ट्री के उप महाप्रबंधन ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दी है। इसके आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है। यहां फैक्ट्री गेट पर सात-आठ दिन से श्रमिकों का प्रदर्शन धरना जारी था। गेट पर पुलिस जाप्ता भी लगाया गया था। लेकिन श्रमिक मंगलवार को पीछे वाले गेट से जबरन अंदर घुस गए और मारपीट तथा तोड़फोड़ कर दी। इस पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और अंदर से दो-तीन जनों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में पुलिस अब तक 29 लोगों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर चुकी है।

हिंदुस्थान समाचार/अखिल/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर