महिला से सामूहिक दुष्कर्म की घटना में शामिल एक आरोपित गिरफ्तार

लखनऊ, 26 जून (हि.स.)। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म की घटना में शामिल एक आरोपित को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। उसके अन्य साथियों की तलाश में पुलिस का अभियान जारी है।

पुलिस के मुताबिक, गोसाईगंज में रहने वाली एक तीस वर्षीय महिला ने मंगलवार की देर रात एक तहरीर दी है। इसमें उसने बताया कि दोपहर दवा लेने के लिए घर से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जा रही थी। खुर्दही बाजार के पास उसे अनवर और उसके साथ छह लड़कों ने पकड़ लिया। आरोप है कि जब उसे एक बाग में ले गये और सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध पर मारपीट की। उसे धमकाया कि उसके साथ हुए इस घटना को अगर उसने घरवालों को बताया तो उसे और उसके बच्चों को मार दिया जाएगा। आरोपित धमकाते हुए फरार हो गये।

पीड़ित महिला घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बयां की। महिला की तहरीर पर मंगलवार की देर रात को ही मुकदमा दर्ज कर लिया। बुधवार की सुबह शारीरिक परीक्षण के लिए पीड़िता को अस्पताल भेजा गया। वहीं, कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपित अनवर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उसके फरार साथियों की तलाश में जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार/ दीपक/विद्याकांत

   

सम्बंधित खबर