गुजरात में मानसून : 84 तहसीलों में बारिश, टंकारा में 4 इंच बरसे मेघ

-कई जिलों में आज तेज बारिश की संभावना

अहमदाबाद, 27 जून (हि.स.)। राज्य में मानसून की दस्तक सभी जिलों में हो चुकी है। गुरुवार सुबह तक बीते 24 घंटों में राज्य की 252 तहसीलों में से 84 तहसीलों में बारिश की खबर है। इसमें सर्वाधिक बारिश मोरबी जिले की टंकारा तहसील में 4 इंच दर्ज की गई। राज्य की 6 तहसीलों में 2 इंच से अधिक बारिश हुई है।

इस साल राज्य में मानसून 4 दिन पहले आया लेकिन कई दिनों तक दक्षिण गुजरात में ही जमा रहा। इससे राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में गर्मी का जोर यथावत रहने से लोगों को मानसून का बेसब्री से इंतजार रहा। बाद में मानूसन ने सौराष्ट्र, उत्तर गुजरात में एंट्री लेते हुए अपनी मौजूदगी दिखाई। पिछले एक सप्ताह के अंदर राज्य के सभी जिलों में मूसलाधार बारिश हो चुकी है। इसी के तहत गुरुवार सुबह तक पिछले 24 घंटे में राज्य की 84 तहसीलों में जमकर बारिश हुई है। इसमें उत्तर गुजरात और सौराष्ट्र में अच्छी बारिश हुई। बनासकांठा जिले के अंबाजी, जूनागढ़, मोरबी जिला समेत अन्य कुछ जिलों में मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन पर असर पड़ा। मोरबी जिले के टंकारा में सवा 4 इंच (101.6 मिमी) बारिश हुई है। इसके अलावा कोडिनार में 78 मिमी, गोंडल 74 मिमी, जूनागढ़ 71 मिमी, दांता 58 मिमी, जेतपुर 49 मिमी, सापुतारा 47 मिमी, कालावड 42 मिमी, मेंदरडा 42, पाटण-वेरावल 32 मिमी, वांकानेर 32 मिमी, इडर 31 मिमी, उमरपाडा 29 मिमी, मोरवा हडफ 29 मिमी, मांगरोल 28 मिमी, हलवद 25 मिमी, डभोई 25 मिमी, छोटाउदेपुर 25 मिमी, लालपुर 24 मिमी बारिश हुई है।

अमरेली जिले की धारी गिर के समीपवर्ती गांव में गुरुवार सुबह से बारिश जारी है। धारी के सरसिया, गोविंदपुर, सुखपुर, दलखाणिया, फासरिया, गीगासण, कागसा समेत आसपास के गांवों में बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को उत्तर गुजरात के बनासकांठा समेत दक्षिण गुजरात के नवसारी, वलसाड, सौराष्ट्र के जामनगर, पोरबंदर, जूनागढ़, अमरेली, भावनगर, देवभूमि द्वारका, गिर सोमनाथ समेत केन्द्र शासित प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा गुरुवार को अहमदाबाद में तेज हवा के साथ बारिश का अनुमान व्यक्त किया गया है। इसके साथ राज्य के 10 जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।

हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/संजीव

   

सम्बंधित खबर