कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धामी सरकार का फूंका पुतला

देहरादून, 28 जून (हि.स.)। राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को राजपुर रोड पर भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धामी सरकार का पुतला दहन किया।

कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में कार्यकर्ता एश्ले हॉल चौक पर पहुंचे और प्रदेश सरकार के विरोध में नारेबाजी की। गोगी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपराध काबू करने में पूरी तरह विफल रही है। अंकिता हत्याकांड, महिलाओं के साथ जघन्य अपराध, हाल ही में रवि बडोला हत्याकांड आदि कई घटनाएं साबित करती हैं कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई न होने से प्रदेश के अपराधी तो बेलगाम हैं ही, प्रदेश के बाहर से भी अपराधी आकर बेखौफ घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। भाजपा सरकार ने प्रदेश को अपराधियों का अभ्यारण्य बना दिया है। कांग्रेस कार्यकर्ता अपराध की हर घटना पर पुरजोर विरोध करते रहेंगे।

गोगी ने कहा कि सरकार खनन और जमीनों की खरीद फरोख्त पर तत्काल रोक लगाए तो अधिकांश अपराध स्वतः ही बंद हो जाएंगे।

इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष पूरण सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री गोदावरी थापली, प्रदेश अध्यक्ष एनएसयूआई विकास नेगी, महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला थापा, सुनील जायसवाल आदि मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/सत्यवान/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर