झज्जर: पहलवान अर्जुन ने कैडट एशिया चैम्पियनशिप में जीता कांस्य पदक

-अखाड़े में लौटने पर हुआ जोरदार स्वागत, फूलमाला और मिठाई खिलाकर दी बधाई

-मंगोलिया के पहलवान को 10-0 से हराकर जीता कांस्य पदक

झज्जर, 28 जून (हि.स.)। कैडेट एशिया चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतकर लौटे हिन्द केसरी सोनू पहलवान अखाड़े के पहलवान अर्जुन रूहिल का शुक्रवार को स्वदेश लौटने पर अखाड़े में जोरदार स्वागत किया गया। पहलवान अर्जुन रूहिल ने मंगोलिया के पहलवान को 10 -0 से हराकर कांस्य पदक जीता है। अर्जुन फ्री स्टाइल स्पर्धा में 92 किलो भार वर्ग का पहलवान है।

जोर्डन में 23 से 25 जून तक कैडेट एशिया चैम्पियनशिप हुई। इसमें कई देशों के पहलवानों ने भाग लिया। अर्जुन ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पहली बार खेलते हुए ही मंगोलिया और कजाकिस्तान के पहलवानों को शिकस्त देकर अपने देश भारत और अपने प्रदेश हरियाणा का गौरव बढ़ाया। रोहद गांव के रहने वाले पहलवान अर्जुन ने हिन्द केसरी सोनू अखाड़े में अर्जुन अवार्डी कोच धर्मेन्द्र और सुधीर कोच के सानिध्य में कुश्ती की बारीकियाँ सीखी हैं। अर्जुन का कहना है कि वह देश के लिए ओलम्पिक में गोल्ड मेडल जीतना चाहता है।

अर्जुन पहलवान की कुश्ती का सफर महज पांच साल पहले ही शुरू हुआ है। हिन्द केसरी सोनू पहलवान अखाड़े में अभ्यास करते हुए अर्जुन ने स्कूल नेशनल में भी गोल्ड मेडल हासिल किया। उसके बाद कैडेट एशिया में चयन के लिए हुए ट्रायल में भी प्रथम स्थान हासिल किया। अर्जुन के सहकोच अनुराग ने कहा उन्हें उम्मीद है कि अर्जुन आगे भी देश का नाम रोशन करेगा। उन्होंने कहा कि अर्जुन पहलवान की उपलब्धि से दूसरे पहलवानों को भी प्रेरणा मिलेगी।

हिन्द केसरी पहलवान सोनू ने भी अर्जुन को फूलमाला पहनाकर बधाई और आशीर्वाद दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि अर्जुन भी अखाड़े के दूसरे पहलवानों की तरह देश का गौरव बढ़ाएगा। पदक जीतकर लौटे अर्जुन का अखाड़े में साथी पहलवानों और कुश्ती प्रेमियों नेजोरदार स्वागत किया। इस मौके पर कोच रिंकू, मुकेश कोच, सेठी पहलवान, कृष्ण छारा, रामकिशन, पवन जाखौदा, बिल्लू ठेकेदार, राहुल फिजियो, पातर सिंह व राजा रिटोली समेत काफी संख्या में कुश्ती प्रेमियों ने पहलवान अर्जुन को बधाई और शुभकामनाएं दी।

हिन्दुस्थान समाचार/शील/संजीव

   

सम्बंधित खबर