हिसार: कर्मचारियों की मांगों का समाधान करें उपमंडल अभियंता: सुशील खुंडिया

मांगों के हल के लिए उपमंडल अभियंता कार्यालय पर दिया धरना

हिसार, 28 जून (हि.स.)। हरियाणा कर्मचारी महासंघ से संबंधित ऑल हरियाणा पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल कर्मचारी यूनियन की ग्रामीण ब्रांच ने कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किए जाने के विरोध में जनस्वास्थ्य कर्मचारियों ने उपमंडल अभियंता कार्यालय पर धरना दिया और प्रदर्शन किया। धरना की अध्यक्षता ब्रांच प्रधान सुशील कुमार खुंडिया ने की तथा संचालन ब्रांच सचिव प्रदीप कुमार ने किया। धरना में काफी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया।

शुक्रवार को दिए गए धरने को संबोधित करते हुए ब्रांच प्रधान सुशील कुमार खुंडिया व अन्य वक्ताओं ने बताया कि यूनियन प्रतिनिधिमंडल ने 6 जून को कर्मचारियों की मांगों को लेकर उपमंडल अभियंता को मांग पत्र सौंपा था। इसको लेकर उपमंडल अभियंता ने यूनियन प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए बुलाया। बातचीत में यूनियन प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान करने की अपील की लेकिन उपमंडल अभियंता ने मांगों के समाधान करने की बजाय यूनियन पदाधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया, जिसके विरोध में यूनियन ने यह धरना दिया है। उन्होंने कहा कि उपमंडल अभियंता को तानाशाही दिखाने की बजाय कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान करना चाहिए। उन्होंने बताया कि यूनियन ने उपमंडल अभियंता के अडिय़ल रवैये को देखते हुए धरना को अनिश्चिकालीन करने का निर्णय लिया है।

धरना को यूनियन के जिला प्रधान सतबीर सुरलिया, जिला सचिव राजेश नलवा, गुजवि प्रधान रामनिवास पाली, शहरी ब्रांच प्रधान सुरेश डाबला, शहरी ब्रांच सचिव इंद्राज फौजी, हरियाणा कर्मचारी महासंघ के जिला वरिष्ठ उपप्रधान मनीराम, रिसाल सिंह जांगड़ा, सचिन शर्मा, प्रेम, चानन, राहुल, धर्म सिंह बागड़ी, अमरजीत, सुभाष, राजेंद्र सिंह, बलजीत, सुरेंद्र, रोहताश व विक्रम आदि ने भी संबोधित किया।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/संजीव

   

सम्बंधित खबर