हिसार: संविधान के प्रति भाजपा की नीयत साफ नहीं : साहिल दहिया

हिसार, 28 जून (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया पैनेलिस्ट एडवोकेट साहिल दहिया ने कहा है कि देश का संविधान सांसद दीपेंद्र हुड्डा की आत्मा में बसता है। संविधान पर टिप्पणी होगी तो दीपेंद्र जरूर बोलेंगे। दीपेंद्र हमेशा कहते रहे हैं कि बाबा साहेब अंबेडकर द्वारा लिखित देश के संविधान पर उनके दादा चौ. रणबीर सिंह के भी हस्ताक्षर हैं। वे किसी भी कीमत पर संविधान पर आंच नहीं आने देंगे। दीपेंद्र ने संसद में सही समय पर सही बात कही थी।

साहिल दहिया ने शुक्रवार को कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ने कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद शशि थरूर को शपथ लेने के दौरान ‘जय संविधान’ कहने पर टोका, जो गलत था। दीपेंद्र हुड्डा ने इस पर तुरंत आपत्ति की, जो संविधान के प्रति उनकी निष्ठा को प्रदर्शित करती है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने दीपेंद्र की बात की सम्मान करना चाहिए था। साहिल दहिया ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष के व्यवहार से साफ हो गया है कि संविधान को लेकर भाजपा की नीयत साफ नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/सुमन

   

सम्बंधित खबर