हिसार: पर्यावरण संरक्षण में सभी अपना योगदान दें : सुरेंद्र पूनिया

हिसार, 28 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने पर्यावरण को बचाने के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत गांव जुगलान में पौधारोपण अभियान चलाते हुए 101 पेड़-पौधे लगाए गए।

भाजपा की ओर से शुक्रवार को शुरू किए गए अभियान के दौरान प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अभियान के जिला संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष रणधीर सिंह धीरू ने की। भाजपा प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया ने कहा कि दिनो-दिन हमारा पर्यावरण खराब होता जा रहा है। इसका मुख्य कारण है पेड़ों की कमी। यदि ऐसा ही चला तो आने वाली पीढ़ी के लिए सांस लेना भी मुश्किल हो जाएगा और उनको जीवित रहने के लिए ऑक्सीजन के सिलेंडर खरीदने पड़ेंगे। इसलिए हम सभी को हालात की गंभीरता को देखते हुए अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान देना चाहिए। प्रदेश महामंत्री ने कहा कि यह कार्य केवल पेड़-पौधे लगाने से ही संभव नहीं हो पाएगा। हम सभी को लगाए गए पेड़-पौधों की निरंतर देखभाल करनी होगी।

अभियान के जिला संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष रणधीर सिंह धीरू ने बताया कि पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी भाजपा ने पर्यावरण बचाने के लिए बहुत बड़ा पौधारोपण अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ की शुरुआत की है। उन्होंने बताया कि जिला अध्यक्ष आशा खेदड़ के मार्गदर्शन में यह अभियान 28 जून से 10 जुलाई तक बूथ स्तर पर चलाया जाएगा और प्रत्येक बूथ पर 10 पौधे लगाए जाएंगे। इस अवसर पर प्रमोद सिवाच, मंडल अध्यक्ष रविन्द्र जागलान, विस्तारक राधेश्याम, प्रदीप शास्त्री, आजाद सुंडा, सतपाल जुगलान, पवन बहबलपुर, मास्टर सतनारायण, सुभाष राजली, सुरजू राजली आदि भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/सुमन

   

सम्बंधित खबर