भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष पर जानलेवा हमला, मामला दर्ज

प्रयागराज, 28 जून (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रोहित मिश्र पर बीती रात जानलेवा हमला किया गया। कर्नलगंज थाना क्षेत्र के ममफोर्डगंज इलाके में धारदार हथियारों से लैस दो युवक सफारी गाड़ी से पहुंचे और उनकी पिटाई शुरू कर दी। उनके अपहरण का भी प्रयास किया गया। इस मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ कर्नलगंज थाने में धारा 307 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कराया गया है।

रोहित मिश्र पुत्र देवेन्द्र नाथ मिश्र इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष भी रह चुके हैं। बताया जाता है कि उनके ऊपर वाहन चढ़ाने का प्रयास और अपहरण की कोशिश की गई। किसी तरह उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। उनके सिर में चोटें आई है, उनका उपचार कराया गया। लोगों को आते देख हमलावर भाग निकले। उन्होंने सफारी गाड़ी नम्बर एचआर 26 ईटी 0813 का चालक तथा एक अन्य अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कराया है।

कर्नलगंज थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जल्द ही कार्यवाही की जायेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/सियाराम

   

सम्बंधित खबर