नदी में डुबाकर तीन बच्चों को मां ने था मारा, पुलिस ने किया खुलासा

फोटोफोटोफोटोफोटोफोटो

औरैया, 28 जून (हि.स.)। जनपद में सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव ताल्हेपुर समीप सेंगुर नदी में बेरहम मां ने चचेरे देवर के साथ हुए प्रेम प्रसंग के चलते अपने तीन मासूम बच्चों को नदी में डुबा कर मारा था। मामले में शुक्रवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी इसकी पुष्टि हुई। बच्चों को पानी में डुबाया गया था। सांस न मिलने तक पानी में दबाए रखा गया। यह खुलासा शुक्रवार को ककोर मुख्यालय में घटना की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक ने किया।

एसपी चारू निगम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चों के पानी में डुबा कर मारे जाने की पुष्टि हुई है। मुंह से झाग आना सामान्य पाया गया है। आरोपी मां प्रियंका ने भी इसे स्वीकार कर लिया है। मामले में प्रियंका व उसके साथ रह रहे चचेरे देवर आशीष से पूछताछ की गई है। जिसमें सामने आया है कि पति अवनीश की मौत के बाद से प्रियंका आशीष के संपर्क में आ गई थी। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। पिछले एक महीने से दोनों चार बच्चों माधव, आदित्य, मंगल व सोनू के साथ शहर के बनारसीदास मोहल्ला में रहने लगे थे। आशीष बच्चों का खर्चा नहीं उठा पा रहा था, जिसे लेकर प्रियंका व आशीष ने बच्चों की हत्या करने का षड्यंत्र रचा।

एसपी ने बताया कि योजना के तहत प्रियंका बच्चों को लेकर गुरुवार तड़के ताल्हेपुर समीप सेंगुर नदी पर लेकर पहुंची। जहां तीन बच्चों को डुबोकर मार डाला। चौथे आठ साल के सोनू को भी प्रियंका ने नदी में डुबाया लेकिन सोनू ने सूझबूझ दिखाते हुए कुछ पल को सांस थामी और बेसुध होने का बहाना कर लिया। सोनू की समझदारी ने उसकी जान बचा ली। मां के दूर हटते ही सोनू तेजी से भागा। जिसे प्रियंका ने पकड़ने का भी प्रयास किया। गनीमत रही कि सोनू पकड़ में नहीं आया और ग्रामीणों के पास जा पहुंचा। जिसके बाद उसने पूरा मामला खोल दिया। साईं मंदिर आनेपुर से गुरुवार को ही घटना के बाद तीन बच्चों की हत्या अंजाम देने वाली प्रियंका व आशीष को पकड़ लिया गया है। दोनों को जेल भेजा जा रहा है। एसपी ने बताया कि बच्चे सोनू को कोर्ट की देखरेख में चिह्नित परिजन के सुपुर्द किया जाएगा। जिससे की परवरिश में किसी तरह की अव्यवस्था न हो। फिलहाल सोनू के चाचा मनीष व बुआ के साथ है। घटना के बाद बच्चा सोनू सहमा हुआ है।

अवनीश की मौत के मुआवजे को लेकर भी चल रही पुलिस की जांच

जहां तक प्रियंका व आशीष के बयानों की बात है तो पकड़े जाने के बाद आशीष ने पुलिस को बताया कि वह तो बच्चों की देखभाल कर रहा था। उसे भी बच्चों की चिंता थी। जबकि प्रियंका का कहना था कि रोजाना खाना खाने के दौरान आशीष उससे बच्चों को रास्ते से हटाने की बात करता था। खर्चा न उठा पाने को लेकर विवाद करता। यह बात प्रियंका ने मोबाइल फोन से गुरुवार तड़के अपनी चाची गीता को भी बताई थी। जिसके बाद गीता उसे खोजते हुए औरैया आई थी। वहीं पुलिस ने इस घटना से पहले प्रियंका के पति अवनीश की मौत के मामले में मिले मुआवजे के पांच लाख रुपये को लेकर ध्यान केंद्रित किया है। इतना बड़ा कदम उठाने के पीछे पांच लाख रुपये भी वजह बन सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/सुनील /मोहित

   

सम्बंधित खबर