अधिकारियों-कर्मचारियों के कार्यों की समीक्षा

जगदलपुर, 28 जून (हि.स.)। बस्तर संभाग में राजस्व वृद्धि की संभावना एवं राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति के लिए समीक्षा हेतु अपर आयुक्त राज्य कर मुख्यालय रायपुर के टीआर. धुर्वे एवं संभागीय संयुक्त आयुक्त, संभाग क्रमांक-दो रायपुर के सीआर. महिलांगे द्वारा राज्य कर कार्यालय जगदलपुर के वृत्त एक एवं दो में पहुंचकर कार्यालयीन अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की समीक्षा की गई एवं वृत्त कार्यालय का निरीक्षण किया गया।

समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों ने व्यवसायियों की समस्या के निवारण हेतु इज ऑफ डूइंग बिजनेस के अंतर्गत चल रहे कार्यों का अवलोकन किया। वहीं एनएमडीसी स्टील प्लांट नगरनार, एनएमडीसी माईनिंग किरंदुल, एनएमडीसी माईनिंग बचेली के अधिकारियों से राजस्व वृद्धि के उपायों से संबंधित विस्तृत चर्चा की गई।

साथ ही ई-वे बिल प्रणाली की सुगमता पूर्वक क्रियानयन हेतु बस्तर परिवहन संघ एवं बैलाडीला ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों की बैठक ली गई एवं उन्हें आवश्यक रूप से ई-वे बिल जारी करने को कहा गया, साथ ही उनके सामान्य प्रश्नों एवं समस्याओं का समाधान भी किया गया। दिन भर चली समीक्षा बैठक के बाद आज शुक्रवार देर शाम को टैक्स बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सौजन्य भेंटकर उन्हें अपनी समस्याओं और सुझावों से अवगत करवाया। बैठक के दौरान अपर आयुक्त द्वारा उन्हें समयवार विवरणी प्रस्तुत करवाने एवं विक्रय बिल अनिवार्य रूप से जारी करवाने हेतु प्रेरित किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ राकेश पांडे/

   

सम्बंधित खबर