गुजरात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के पद पर पूर्णेश मोदी के नाम की चर्चा

पूर्णेश मोदी

-राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से पूर्णेश मोदी की दिल्ली में मुलाकात

सूरत, 28 जून (हि.स.)। गुजरात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल के केन्द्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद गुजरात में पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए कई नामों को लेकर चर्चा है। इस बीच शुक्रवार को सूरत पश्चिम के विधायक पूर्णेश मोदी के अचानक दिल्ली में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद यह चर्चा उनके नाम के इर्द-गिर्द घूमने लगी है।

गुजरात में आगामी 4 और 5 जुलाई को प्रदेश भाजपा की कार्यकारिणी बैठक बोटाद के स्वामीनारायण मंदिर में होने वाली है। अब माना जा रहा है कि इस बैठक में ही पूर्णेश मोदी के नाम पर मुहर लग सकती है।

भाजपा नेता और सूरत पश्चिम के विधायक पूर्णेश मोदी शुक्रवार को दिल्ली दौरे पर रहे। यहां उन्होंने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शााह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ मुलाकात की। सोशल मीडिया में इनकी मुलाकात की तस्वीरें भी साझा की गई। अब प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक से पूर्व इस मुलाकात को कई तरह से नए अध्यक्ष के लिए सांकेतिक माना जा रहा है। गुजरात प्रदेश कार्यकारिणी की विस्तृत बैठक में नए प्रदेश अध्यक्ष या कार्यकारी अध्यक्ष के नाम का प्रस्ताव लाया जा सकता है। हालांकि प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में इस तरह का प्रस्ताव पूर्व में नहीं लाया गया है। इसलिए कार्यकारी अध्यक्ष के नाम की संभावना दिखाई दे रही है।

पूर्णेश मोदी सूरत शहर के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा वे वर्तमान में केन्द्र शासित दीव-दमण, दादरा व नगर-हवेली के पार्टी प्रभारी के तौर पर काम कर रहे हैं। हालांकि दूसरी ओर पूर्णेश मोदी अपने नाम की चर्चा के संबंध में सभी बातों को महज अटकल बताते हुए इसे गलत बता रहे हैं।

विधायक पूर्णेश मोदी ने राहुल गांधी के मोदी सरनेम के संबंध में दिए विवाद को लेकर केस किया था। इस मामले में उन्होंने राहुल गांधी को हुए 2 साल की सजा से लेकर उनके संसद की सदस्यता समाप्त होने तक लड़ाई जारी रखी थी।

हिन्दुस्थान समाचार/ बिनोद/संजीव

   

सम्बंधित खबर