अवैध संबंध में रोड़ा बन रही बेटी को मां ने गला घोंटकर मार डाला, प्रेमी-प्रेमिका गिरफ्तार

देहरादून, 28 जून (हि.स.)। पटेलनगर थाना क्षेत्र में युवती की संदिग्ध आत्महत्या के राज से दून पुलिस ने पर्दा उठा दिया है। युवती की मां और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बेटी मां के अवैध संबंध में रोड़ा बन रही थी तो मां ने प्रेमी के साथ मिलकर बेटी की हत्या कर दी थी और उसे फांसी पर लटकाकर हत्या को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया था। महिला के पड़ोसी युवक से अवैध संबंध थे।

गत 27 जून को सुबह चौकी बाजार में सूचना मिली कि न्यू पटेलनगर क्षेत्र में एक लड़की ने अपने घर में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली है। पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान ममता (20) पुत्री सुखविंदर सिंह निवासी न्यू पटेलनगर देहरादून के रूप में हुई। मृतका के पिता सुखविंदर सिंह दूध सप्लाई का काम करते हैं, जो घटना के वक्त रोज की भांति प्रातः चार बजे दूध सप्लाई के लिए घर से चले गए थे। सुबह पांच बजे मां हरप्रीत ने बेटी को पंखे पर फांसी लगाकर लटके हुए देखा तो शव को नीचे उतारकर परिवार को सूचना दी। पुलिस ने मृतका के शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका की मां द्वारा अकेले ही शव को नीचे उतारने की बात पर संदेह होने पर एसएसपी अजय सिंह ने सभी पहलुओं पर गहनता से जांच के लिए प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर को निर्देशित किया। पुलिस ने घटना के संबंध में मृतका के पिता, अन्य परिजनों व आसपास के लोगों से जानकारी ली तो उन्होंने घटना पर शक जाहिर किया। प्रकरण की गहनता से जांच करने पर पता चला कि मृतका की मां हरप्रीत का उसके पड़ाेस में रहने वाले नितिन नाम के व्यक्ति से काफी मिलना-जुलना था। इस संबंध में मृतका ममता को जानकारी हो गई थी। पूर्व में अपने पिता को बताया भी था। सुखविंदर सिंह से जानकारी करने पर उसने भी इसकी पृष्टि की, फिर पुलिस मृतका की मां व उसके परिचित नितिन को पूछताछ के लिए चौकी ले आई। मृतका की मां ने अपने प्रेमी नितिन के साथ मिलकर ममता की हत्या करना तथा उसे आत्महत्या दिखाने के लिए चुन्नी के सहारे पंखे से लटका देना स्वीकार किया। मृतका के पिता सुखविंदर की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत दर्ज कर पुलिस ने हरप्रीत व उसके प्रेमी नितिन पुत्र दयाराम निवासी न्यू पटेलनगर देहरादून को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

अवैध संबंध को लेकर पहले भी हुए थे विवाद, रोड़ा बन रही बेटी को रास्ते से हटाया

पूछताछ में बेटी की हत्यारोपित मां ने बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाले नितिन के साथ उसके अवैध सम्बंध थे, जिसके बारे में उसकी पुत्री ममता को जानकारी हो गई थी। इस संबंध में उसने पूर्व में अपने पिता सुखविंदर को बताया था। इस बात को लेकर सुखविंदर व महिला के बीच पूर्व में विवाद हुआ था, पर नितिन से दोबारा न मिलने की बात कहने तथा अपनी गलती स्वीकार करने पर सुखविंदर ने उसे माफ कर दिया था परंतु चार-पांच दिन पूर्व ममता ने अपनी मां व नितिन को घर में आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था और अपने पिता व अन्य परिजनों को इस संबंध में बताने की बात कही थी। इस पर दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई और 27 जून की सुबह सुखविंदर सिंह के घर से काम पर जाने के बाद मां ने नितिन को कमरे पर बुलाया और दोनों ने चुन्नी से ममता का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को पंखे से लटका दिया।

हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर