केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने किया भुवन पंचायत और एनडीईएम पोर्टल का शुभारंभ

नई दिल्ली, 28 जून (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार को दो भू-पोर्टल का शुभारंभ किया। इसमें भुवन पंचायत (संस्करण 4.0) और राष्ट्रीय आपातकालीन प्रबंधन डेटाबेस (एनडीईएम संस्करण 5.0) शामिल हैं।

इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने इन दोनों पोर्टल को विकसित किया है। इसरो की भूमिका को रॉकेट औऱ सैटेलाइट प्रक्षेपण से बढ़ा कर आम जीवन को प्रभावित करने और सहूलियत देने वाली बनाई जारी है। इसी क्रम में आज भुवन पंचायत पोर्टल लांच किया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देश के अनुसार देश के डिजिटल इंडिया, आधार भूत संरचना को मजबूत करने में इसरो की भूमिका बढ़ रही है। उसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए भुवन पंचायत पोर्टल लांच किया गया। इस पोर्टल में पंचायतों के स्तर पर ग्रामीण क्षेत्रों के जमीनों की मैपिंग में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सकेगा। यह सरकार की प्राथमिकता रही है कि गवर्नेंस में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। यह यह क्रांतिकारी कदम है।

इसरो ने हाल ही में दो महत्वपूर्ण राष्ट्रीय स्तर के भू-स्थानिक डेटाबेस के अद्यतन संस्करण तैयार किए हैं, जिसमें पंचायती राज मंत्रालय के लिए विकेंद्रीकृत योजना, जिसे भुवन पंचायत (संस्करण 4.0) के रूप में प्रस्तुत किया गया है और गृह मंत्रालय के लिए आपदा प्रबंधन सहायता, जिसे आपातकालीन प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय डेटाबेस (एनडीईएम संस्करण 5.0) के रूप में संगठित किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ विजयलक्ष्मी/दधिबल

   

सम्बंधित खबर