केजरीवाल की अवैध गिरफ्तारी के खिलाफ देशभर में भाजपा मुख्यालय पर 'आप' का प्रदर्शन कल

नई दिल्ली, 28 जून (हि.स.)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी शनिवार को देशभर में भाजपा मुख्यालयों में विरोध प्रदर्शन करेगी। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत शनिवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भाजपा के दिल्ली स्थित मुख्यालय पर विशाल प्रदर्शन करेंगे। इसी तरह पंजाब, हरियाणा, उप्र, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश समेत 22 राज्यों में भाजपा मुख्यालय पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।

आम आदमी पार्टी का कहना है कि भाजपा की केंद्र सरकार अपने राजनीतिक उद्देश्यों के लिए सभी केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। सीबीआई ने पिछले दो सालों तक मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को तथाकथित शराब मामले में आरोपित नहीं बनाया था। लेकिन जब भाजपा को लगा कि अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने वाली है, तो इन्होंने सीबीआई को आगे कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार/ अश्वनी/प्रभात

   

सम्बंधित खबर