राज्य सरकार के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 4 फीसदी की बढ़ोतरी की घोषणा

गांधीनगर, 4 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राज्य सरकार के कर्मचारियों हित में अहम निर्णय करते हुए 7वें वेतन आयोग का लाभ पाने वाले राज्य सरकार के कर्मचारियों को केंद्र के हिसाब से महंगाई भत्ते (डीए) में 4 फीसदी की बढ़ोतरी का लाभ 1 जनवरी, 2024 से देने की घोषणा की है।

महंगाई भत्ते में वृद्धि का लाभ राज्य सरकार के पंचायत सेवा के तथा अन्य कर्मचारियों सहित कुल 4.71 लाख कर्मयोगियों एवं लगभग 4.73 लाख सेवानिवृत्त कर्मचारियों यानी पेंशनभोगियों को मिलेगा। महंगाई भत्ते की 1 जनवरी, 2024 से 30 जून, 2024 तक की छह महीने की बकाया राशि का भुगतान तीन समान किस्तों में वेतन के साथ किया जाएगा। जिसके अनुसार, कर्मचारियों को जनवरी-2024 तथा फरवरी-2024 महीने की अंतर की राशि जुलाई-2024 के वेतन के साथ, मार्च और अप्रैल-2024 के अंतर की राशि अगस्त-2024 के वेतन के साथ और मई एवं जून-2024 के महंगाई भत्ते की बकाया राशि का भुगतान सितंबर-2024 के वेतन के साथ किया जाएगा। राज्य सरकार कर्मचारियों को इस बकाया राशि के लिए कुल मिलाकर 1129.51 करोड़ रुपए का भुगतान करेगी। इसे लागू करने के लिए वित्त विभाग द्वारा आवश्यक आदेश जारी करने के संबंध में भी निर्देश दे दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/संजीव

   

सम्बंधित खबर