सेब आढ़ती से 43.54 लाख की ठगी, आंध्र प्रदेश के कारोबारी पर एफआईआर

शिमला, 9 जुलाई (हि.स.)। जिला के ठियोग उपमंडल में स्थित पराला मंडी के आढ़ती को आंध्र प्रदेश के लदानी ने 43.54 लाख रुपए का चूना लगाया है। इस बारे में आढ़ती ने ठियोग थाना में मामला दर्ज करवाया है। पीड़ित आढ़ती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार सुंदर सिंह पुत्र जीतराम निवासी गांव खशधार डाकघर कलींड, तहसील ठियोग ने पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत में उसने कहा कि वह पराला फल मंडी में सुंदर फ्रूट कंपनी का मालिक है। वर्ष 2019 में आंध्र प्रदेश के विशाखापटनम से आनंद राव और शक्ति बाबू नाम के 2 लदानी पराला मंडी आए। उन्होंने बताया कि सिरकाकुलम विशाखापट्टनम में वह बालाजी फ्रूट कंपनी के मालिक है।

उन्होंने पीड़ित आढ़ती से 7,394 सेब के बॉक्स खरीदे, जिनकी कुल कीमत 96,83,664 रुपए थी। इसमें से उन्होंने 64 लाख रुपए का भुगतान कर दिया, लेकिन बकाया राशि 32,83,664 लाख का भुगतान नहीं किया। वर्ष 2020 में शक्ति बाबू फिर से सेब खरीदने पराला मंडी आया।

पीड़ित ने उससे सेब की बकाया राशि का भुगतान करने के लिए कहा। इस पर उसने कहा कि वह उसे और सेब बेचे। बाद में वह एक साथ सारी राशि का भुगतान कर देा। इस बार उसने अपनी कंपनी का नाम लत्पागिरी फ्रूट विजयवाड़ा बताया। उसने 704 सेब की पेटियां खरीदी। इनकी कुल कीमत 13,32,648 रुपए थी। इसमें से उसने सिर्फ 2,62,000 रुपए का भुगतान किया, 10,70,648 रुपए की राशि फिर बकाया बच गई। कुल मिलाकर दोनो वर्षों में पीड़ित की आरोपी के पास 43,54,312 राशि बकाया। उसने पुलिस को बताया कि उसकी बकाया राशि का अभी तक भुगतान नहीं किया गया। आरोपी ने उसे गलत इरादे से प्रलोभन दिया। सेब खरीद के बाद बकाया राशि का भुगतान नहीं किया। पीड़ित ने इस मामले में पुलिस से आरोपी खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई है।

समरससमरससमरस

हिन्दुस्थान समाचार / उजुअल शर्मा / सुनील शुक्ला

   

सम्बंधित खबर