‘हरियाणा को जानो’ प्रतियोगिता में भाग लेंगे फरीदाबाद के 10,000 विद्यार्थी

स्कूली विद्यार्थियों को हरियाणा प्रदेश की संस्कृति एवं सामान्य ज्ञान से रुबरु करवाने की सार्थक पहल

फरीदाबाद, 10 जुलाई (हि.स.)। सामाजिक संस्था राह ग्रुप फाउंडेशन के तत्वावधान में स्कूली विद्यार्थियों को हरियाणा प्रदेश की संस्कृति एवं सामान्य ज्ञान के प्रत्येक पहलू से अवगत करवाने के लिए अक्टूबर माह में ‘हरियाणा को जानो’ नामक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिसमें जिले के सभी प्राइवेट व सरकारी स्कूलों के 10,000 से अधिक विद्यार्थी भाग लेंगे।

इस परीक्षा की तैयारी के लिए सभी विद्यार्थियों को पठन सामग्री पीडीएफ फॉर्मेट में नि:शुल्क उपलब्ध होगी। बुधवार को यह जानकारी देते हुए ‘हरियाणा को जानो’ राह ग्रुप फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश सेलपाड़ ने बताया बताया कि ‘हरियाणा को जानो’ प्रतियोगिता हिन्दी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में संपन्न होगी। इस प्रतियोगिता को स्कूल अपनी सुविधानुसार अक्टूबर माह में अपने ऐच्छिक दिन करवा सकेंगे।

इसके लिए सभी स्कूलों को उनकी विद्यार्थियों की संख्या एवं पेपर देने के इच्छुक विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार प्रश्न पत्र सामाजिक संस्था राह ग्रुप फाउंडेशन की तरफ से उपलब्ध करवाए जाएंगे। हालांकि इसके लिए मामूली शुल्क अदा करना होगा। चेयरमैन श्री सेलपाड़ के अनुसार यह प्रतियोगिता ओएमआर सीट आन्सवर पैटर्न पर होगी। जिसमें विद्यार्थियों को ओ.एम.आर. सीट भरने के लिए अलग से दस मिनट का समय दिया जाएगा।

‘हरियाणा को जानो’ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को 50 बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर 40 मिनट में हल करने होंगे। इसके अलावा ओ.एम.आर. भरने लिए विद्यार्थियों को अलग से दस मिनट का समय दिया जाएगा। यह पेपर कुल 100 अंकों का होगा, जिसमें एक प्रश्न के दो अंक प्रदान किए जाएंगे। ‘हरियाणा को जानो’ प्रतियोगिता के प्रभारी के रामनिवास वर्मा के अनुसार ‘हरियाणा को जानो’ प्रतियोगिता में कक्षा तीन से लेकर 12वीं तक के सभी प्राइवेट एवं सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। इनमें से कक्षा 3, 4 व 5 को एक वर्ग, कक्षा 6,-7 व 8 को दूसरे व कक्षा 9 व 10 तीसरे व कक्षा 11 व 12 को चतुर्थ वर्ग में रखा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर / संजीव शर्मा

   

सम्बंधित खबर