सड़क दुर्घटना में दंपति की मौत

मुर्शिदाबाद, 12 जुलाई (हि.स.)। मुर्शिदाबाद जिले के रघुनाथगंज थानांतर्गत बंगबाटी मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 34 पर शुक्रवार सुबह एक कंटेनर और एक टोटो की आमने-सामने की हुई टक्कर में एक दंपति की मौत हो गयी और एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतकों की पहचान चंडी सरकार (75) और पुष्पा सरकार (63) के रूप में हुई है। वे दोनों सुती थाना अंतर्गत बंशाबाटी ग्राम पंचायत के अलुआनी के निवासी हैं। दुर्घटना में टोटो चालक नीलू हलदर (45) गंभीर रूप से घायल हो गये। वे फिलहाल जंगीपुर महकमा अस्पताल में भर्ती हैं।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार बंशाबाटी के अलुआनी निवासी चंडी सरकार और पुष्पा सरकार कई दिनों से बुखार से पीड़ित थे। शुक्रवार की सुबह सरकार दंपती एक टोटो से इलाज के लिए जंगीपुर महकमा अस्पताल जा रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 34 पर बंशाबाटी मोड़ पर उमरपुर की ओर से आ रही एक गाड़ी से टोटो की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में सरकार दंपत्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार टोटो में चालक समेत तीन लोग सवार थे। सूचना मिलने पर रघुनाथगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल को अस्पताल ले गई और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रघुनाथगंज थाने की पुलिस ने घातक कंटेनर को जब्त कर लिया है। उसका चालक फरार बताया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पांडे / संतोष मधुप

   

सम्बंधित खबर