तीसरी बार मोदी सरकार, अबकी बार 400 पार

- यह केवल नारा नहीं, एक संकल्प है : नन्दी

प्रयागराज, 02 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने लोकसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आज दिए गए गए नारे “तीसरी बार मोदी सरकार, अबकी बार 400 पार“ को भाजपा का संकल्प बताया है।

मंत्री नन्दी ने जारी विज्ञप्ति में मंगलवार को कहा है कि यह केवल नारा नहीं है बल्कि एक संकल्प है। संकल्प जिसका साकार होना उतना ही अवश्यम्भावी है, जितना दीपक जलने के बाद अंधेरे का समाप्त होना। क्योंकि इस नारे की हकीकत सेवा, सुरक्षा, सुशासन, गरीब कल्याण, 5 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी की ओर बढ़ते कदम एवं सांस्कृतिक उत्थान की बेहद मजबूत बुनियाद पर खड़ी है।

उन्होंने कहा है कि 4 करोड़ परिवारों को पक्की छत, 10 करोड़ परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन, 8 करोड़ से अधिक अन्नदाताओं को किसान सम्मान निधि, 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा, हर घर नल-हर घर जल, आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इण्डिया, स्टार्ट अप इण्डिया, पीएम स्वनिधि जैसी सर्वसमावेशी योजनाओं से समाज के सबसे अंतिम व्यक्ति के जीवन में खुशहाली और चेहरों पर समृद्धि की मुस्कान आई है।

एक तरफ पूजित अक्षत यात्रा के माध्यम से अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला विराजमान के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आमंत्रण जन-जन को मिल रहा है। दूसरी तरफ विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रत्येक देशवासी को विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से विकास की मुख्य धारा से जोड़ रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में विकास और विरासत की इस विराट यात्रा का 2024 में “400 पार“ के लक्ष्य को प्रभु कृपा एवं जन आशीर्वाद से प्राप्त करना सुनिश्चित है।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्या कान्त/प्रभात

   

सम्बंधित खबर